44.8 डिग्री सेल्सियस के साथ बांदा सबसे गर्म स्थान, दिल्ली में सबसे गर्म सुबह

44.8 डिग्री सेल्सियस के साथ बांदा सबसे गर्म स्थान, दिल्ली में सबसे गर्म सुबह

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

खास बातें

  • चुरू और बीकानेर में अधिकतम तापमान क्रमश: 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ
  • जयपुर एवं अजमेर में अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया
  • अधिकारियों ने बताया कि पंजाब एवं हरियाणा में भी गर्मी बरकरार रही
नई दिल्‍ली:

उत्तर प्रदेश में बांदा 44.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ रविवार को देश का सबसे गर्म स्थान रहा जबकि अन्य शहरों में भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया वहीं देश के कई हिस्सों में लू का प्रकोप जारी है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस रहा जिसके चलते आज सबसे गर्म सुबह रही. अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बहरहाल, मौसम विभाग ने आगामी दिनों में चार अप्रैल के बाद तापमान गिरने से दिल्ली वालों को थोड़ी राहत मिलने का पूर्वानुमान जताया है.

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार महाराष्ट्र के चंद्रपुर में अधिकतम 43.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया और यह भारत में दूसरा सबसे गर्म शहर रहा जबकि पश्चिम बंगाल में बांकुरा 43.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का तीसरा सबसे गर्म स्थान रहा. राजस्थान में तीव्र गर्मी का दौर जारी है जिसके चलते राज्य के कई हिस्सों में सामान्य जीवन प्रभावित हुआ है. बाड़मेर में पारा 42.4 डिग्री सेल्सियस और इसके बाद जैसलमेर में पारा 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. चुरू और बीकानेर में अधिकतम तापमान क्रमश: 41.5 डिग्री सेल्सियस और 41.4 डिग्री सेल्सियस जबकि कोटा, जोधपुर, श्रीगंगानगर और पिलानी में क्रमश: 40.9, 40.8, 40.7 और 40.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.

जयपुर एवं अजमेर में अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. उत्तर प्रदेश में बांदा को छोड़कर गोरखपुर, फैजाबाद, वाराणसी, इलाहाबाद, लखनउ, मुरादाबाद, झांसी, आगरा, मेरठ, कानपुर और बरेली जैसे शहरों में अधिक तापमान दर्ज किया गया. राज्य के राय बरेली में न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग अधिकारियों ने बताया कि पंजाब एवं हरियाणा में भी गर्मी बरकरार रही.

(इनपुट भाषा से...)


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com