विज्ञापन

गुरुग्राम-द्वारका एक्सप्रेसवे पर ब्रेजा कारों से खतरनाक स्टंट, वीडियो हुआ वायरल

Viral Video: पीएम मोदी ने पिछले साल द्वारका एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया था लेकिन अब इस पर युवा खतरनाक स्टंट करते दिखाई देते हैं. साहिल मनचंदा की रिपोर्ट.

एक्सप्रेसवे पर स्टंट का वीडियो पूरी तैयारी के साथ बनाया गया था
NDTV

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले वर्ष (17 अगस्त, 2025) को द्वारका एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया था जिसकी बड़ी चर्चा हुई थी. यह देश का पहला 8 लेन वाला एक्सप्रेसवे है जोदिल्ली और गुरुग्राम के बीच एक प्रमुख वैकल्पिक एक्सप्रेसवे है. इस एक्सप्रेसवे से दिल्ली से गुरुग्राम की दूरी करीब 20 मिनट में पूरी हो जाती है और साथ ही नोएडा से दिल्ली एयरपोर्ट जाने में भी सिर्फ 20 मिनट लगते हैं जिसमें पहले एक से डेढ़ घंटा लग जाता था. लेकिन दिल्ली और आस-पास के कई राज्यों की सुविधा के इरादे से बनाए गए एक्सप्रेसवे का कुछ दूसरे उद्देश्य से भी इस्तेमाल होने लगा है. इस एक्सप्रेसवे पर खतरनाक स्टंट करने की घटनाएं सामने आ रही हैं. ऐसी ही एक नई घटना सामने आई है जिसने सुरक्षा को लेकर चिंता को बढ़ा दिया है.

3 मारूति ब्रेजा कारों से स्टंट

द्वारका एक्सप्रेसवे का एक वीडियो सामने आया है जिसमें तीन मारुति ब्रेजा कारों के साथ स्टंट को दिखाया गया है. इस वीडियो में तीन ब्रेजा कारों के ड्राइवर तेज रफ़्तार में कार को आड़े तिरछे चलाते दिखते हैं. साथ ही वे चलती गाड़ी के दरवाज़े खोल देते हैं. इसके अलावा वे अचानक ब्रेक लगाते हैं.

इस वीडियो को देखकर लगता है कि इसे पूरी योजना के साथ बनाया गया था. इसमें बैठे ड्राइवरों ने पुलिस की कार्यवाही और सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए तैयारी की हुई थी. उन्होंने गाड़ियों के नंबर प्लेट को जानबूझकर छिपाया हुआ था जिससे कि उनके नंबर नहीं पढ़े जा सकें. युवकों ने आगे चल रही कार से स्टंटबाजी के इस वीडियो को शूट किया और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया. यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. 

पुलिस खंगाल रही HD कैमरों की रिकॉर्डिंग

स्थानीय लोगों का कहना है कि द्वारका एक्सप्रेसवे के अलावा आसपास की सड़कों पर भी अक्सर इस तरह की स्टंटबाजी की घटनाएं हो रही हैं जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता पैदा हो रही है. वीडियो की सूचना मिलने के बाद अब गुरुग्राम पुलिस इसकी जांच कर रही है. इसके लिए एक्सप्रेस वे पर लगे हाई-डेफिनिशन कैमरों की जांच कर कार और कार चालकों के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है.

ये भी पढ़ें-:  पति-पत्नी के विवाद में सड़क पर हाई-वॉल्टेज ड्रामा, पुलिस के सामने एक-दूसरे पर बरसाए मुक्के

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com