विज्ञापन

आज शाम 5 बजे के बाद जरूर देखें आसमान, धरती के सबसे करीब होगा पूर्णिमा का चांद

आज कार्तिक पूर्णिमा पर दिखेगा सुपरमून, आम चांद से 14% बड़ा और 30% ज्यादा चमकदार, जानें क्या रहेगी टाइमिंग.

आज शाम 5 बजे के बाद जरूर देखें आसमान, धरती के सबसे करीब होगा पूर्णिमा का चांद
बीवर सुपरमून 2026
NDTV

आज 24 नवंबर की शाम कुछ बेहद खास होने वाली है. एक तरफ देश भर में कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली की धूम है, वहीं दूसरी तरफ आज रात आसमान भी अपनी पूरी खूबसूरती बिखेरने के लिए तैयार है. आज शाम पूर्णिमा का चांद रोज के मुकाबले धरती के काफी नजदीक आ जाएगा. जिसकी वजह से चांद आम दिनों से कहीं ज्यादा बड़ा और बेहद चमकीला दिखाई देगा. वैज्ञानिक भाषा में इसे 'सुपरमून' और 'बीवर मून' के नाम से जाना जाता है. अगर आप भी छत या बालकनी से इस खूबसूरत चांद को देखना चाहते हैं, तो समय और इससे जुड़ी बाकी जरूरी बातें नीचे जान लीजिए.

शाम कितने बजे दिखेगा यह खास चांद?

मौसम साफ रहा तो सूरज ढलते ही पूर्व दिशा में इस चांद की झलक मिलनी शुरू हो जाएगी. उत्तर भारत और दिल्ली-एनसीआर के समय के हिसाब से चंद्रोदय और पूर्णिमा का पूरा गणित कुछ इस तरह है: आज शाम करीब 4:56 बजे से 5:01 बजे के बीच आसमान में चांद उगता हुआ दिखने लगेगा. अलग-अलग शहरों की भौगोलिक स्थिति के हिसाब से इसमें 10 से 15 मिनट का फर्क हो सकता है. वहीं, रात 8:23 बजे चांद अपनी पूरी कलाओं के साथ सबसे ज्यादा रोशन और भव्य नजर आएगा. कार्तिक पूर्णिमा की तिथि 23 नवंबर की रात 11:42 बजे लग चुकी है, जो आज रात 8:23 बजे तक बनी रहेगी.

कब और कहां से दिखेगा ये नजारा?

जब शाम 5 बजे के आसपास चांद आसमान में बिल्कुल नीचे यानी पृथ्वी के करीब होगा, तब वह अपने सबसे बड़े आकार में दिखेगा. इस समय चांद का रंग हल्का सुनहरा और नारंगी होगा. देव दीपावली पर घाटों और घरों में जलते दीयों के बीच आसमान में चमकता यह विशाल चांद किसी पेंटिंग जैसा खूबसूरत अहसास देगा. इसे देखने के लिए किसी खास दूरबीन की जरूरत नहीं है, आप इसे सीधे अपनी आंखों से देख सकते हैं.

आखिर इस सुपरमून में क्या है इतना खास?

सुपरमून हर पूर्णिमा को नहीं होता है, वहीं अपनी कक्षा में चक्कर लगाते हुए आज चांद धरती से महज 3,60,765 किलोमीटर की दूरी पर रहेगा. नजदीक होने के कारण यह सामान्य पूर्णिमा के चांद से करीब 14 फीसदी बड़ा और 30 फीसदी तक ज्यादा चमकदार महसूस होगा. दिलचस्प बात यह है कि यह लगातार दिखने वाले तीन सुपरमून की कतार का पहला चांद है. इसके बाद 23 दिसंबर 2026 को 'कोल्ड मून' और 22 जनवरी 2027 को 'वुल्फ मून' के रूप में फिर से ऐसा ही नजारा दिखेगा.

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)

इसे भी पढ़ें: 18 महीने तक पैसों की नहीं होगी कमी! केतु की चाल से मालामाल हो सकती हैं ये 3 राशियां

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Vrat Tyohar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com