ज्योतिष शास्त्र में गुरु यानी बृहस्पति को ज्ञान, धन, भाग्य, धर्म और सुख-समृद्धि का कारक ग्रह माना जाता है. वहीं शनि को कर्म, मेहनत और न्याय का ग्रह कहा जाता है. जब इन दोनों ग्रहों की दृष्टि किसी एक राशि या भाव पर एक साथ पड़ती है, तो इसे दोहरा गोचर (डबल ट्रांजिट) कहा जाता है. हिंदू पंचांग के अनुसार, कल यानी 31 अक्टूबर 2026 के दिन गुरु का गोचर सिंह राशि में होगा. उनकी पांचवीं दृष्टि धनु राशि पर पड़ेगी. दूसरी ओर, मीन राशि में बैठे शनि की दसवीं दृष्टि भी धनु राशि को देखेगी. इस तरह गुरु और शनि दोनों की दृष्टि एक ही राशि पर पड़ने से डबल ट्रांजिट बनेगा. ऐसे में कुछ राशि के जातकों पर इसका गहरा प्रभाव पड़ सकता है. इसी को लेकर मशहूर एस्ट्रोलॉजर साक्षी ठाकुर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. अपने इस वीडियो में उन्होंने गुरु के दोहरे गोचर से होने वाले इसी प्रभाव के बारे में बताया है. आइए जानते हैं-
किन लोगों को मिल सकता है लाभ?
एस्ट्रोलॉजर बताती हैं, जब दो बड़े ग्रह किसी एक भाव या राशि को एक साथ प्रभावित करते हैं, तो उस क्षेत्र से जुड़े मामलों में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं. इसका असर व्यक्ति के जीवन, काम और आर्थिक स्थिति पर पड़ सकता है.
साक्षी ठाकुर बताती हैं, जिन लोगों की कुंडली में धनु राशि सातवें भाव में आती है, उनकी दैनिक आमदनी बढ़ने के योग बन सकते हैं. सातवां भाव व्यापार, साझेदारी और जीवनसाथी से जुड़े मामलों का माना जाता है. ऐसे में व्यापार करने वाले लोगों को नए अवसर मिलने की संभावना है.
वहीं, जिनकी कुंडली में धनु राशि तीसरे भाव यानी पराक्रम भाव में है, उनके लिए भी यह गोचर खास हो सकता है. तीसरा भाव साहस, मेहनत, बातचीत और छोटे भाई-बहनों से जुड़ा होता है. ऐसे लोगों की संवाद करने की क्षमता बेहतर हो सकती है. सोशल मीडिया, लेखन, मार्केटिंग और संचार से जुड़े काम करने वालों को भी आगे बढ़ने के मौके मिल सकते हैं.
गुरु के शुभ प्रभाव के लिए क्या करें?धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गुरु ग्रह को मजबूत करने के लिए गुरुवार को भगवान विष्णु की पूजा करना शुभ माना जाता है. इस दिन आप पीले रंग के कपड़े पहन सकते हैं और जरूरतमंदों को चने की दाल, हल्दी या पीली मिठाई दान कर सकते हैं. इससे अलग गुरु मंत्र 'ॐ बृं बृहस्पतये नमः' का जाप करें.
यहां देखें वीडियो-
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
यह भी पढ़ें- कुंडली में सूर्य को कैसे मजबूत करें? एस्ट्रोलॉजर गिरीश मल्होत्रा ने बताए 5 असरदार उपाय
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं