उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की घोषणा के एक दिन बाद ही मुख्यमंत्री मायावती ने अपने मंत्रिपरिषद के चार मंत्रियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया।
लखनऊ:
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की घोषणा के एक दिन बाद ही मुख्यमंत्री मायावती ने अपने मंत्रिपरिषद के चार मंत्रियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार बर्खास्त किए गए मंत्रियों में उच्च शिक्षा मंत्री राकेश धर त्रिपाठी, कृषि शिक्षा मंत्री राजपाल त्यागी, पिछड़ा वर्ग कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अवधेश वर्मा और होमगार्ड्स राज्यमंत्री हरिओम शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक, चारों मंत्रियों को उनके विरुद्ध भ्रष्टाचार के आरोप में हटाया गया है और इनमें से राकेश धर त्रिपाठी के खिलाफ लोकायुक्त संगठन में भी एक जांच चल रही है। राज्यपाल के प्रमुख सचिव जीबी पटनायक ने चारों मंत्रियों की बर्खास्तगी की सिफारिश किए जाने की पुष्टि की है। सूत्रों के मुताबिक, इन मंत्रियों की बर्खास्तगी के बाद उच्च शिक्षा विभाग कैबिनेट मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी के सुपुर्द किया गया है। इसके अलावा एक अन्य मंत्री इंद्रजीत सरोज को पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग जबकि कृषि मंत्री लक्ष्मी नारायण को कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
मायावती, मंत्री बर्खास्त, Assembly Polls 2012, विधानसभा चुनाव 2012