विज्ञापन
This Article is From Apr 10, 2017

अरविंद केजरीवाल बनाम विजेंद्र गुप्ता : AAP की होर्डिंग को बीजेपी ने ऐसे दिया नया रंग

अरविंद केजरीवाल बनाम विजेंद्र गुप्ता : AAP की होर्डिंग को बीजेपी ने ऐसे दिया नया रंग
दिल्ली नगर निगम चुनाव के मद्देनजर बीजेपी नेता विजेंद्र गुप्ता ने केजरीवाल पर निशाना साधा है.
नई दिल्ली: दिल्ली की आम आदमी पार्टी ने एमसीडी चुनावों (MCD elections) को लेकर जारी एक पोस्टर शहर में कई जगहों पर लगाया. इस पोस्टर में एक तरफ अरविंद केजरीवाल की तस्वीर लगाई गई और दूसरी तरफ बीजेपी नेता और दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता की तस्वीर लगाई है. यहां पर खेल सारा इतना है कि आम आदमी पार्टी ने अपने नेता यानि पार्टी संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की बेहतर लुक वाली तस्वीर लगाई है, वहीं बीजेपी नेता की तस्वीर का कुछ ऐसा अंदाज दिखाने की कोशिश है जैसे वह कोई विलेन हैं.

इसी के साथ पार्टी ने पुराने अंदाज में पोस्टर में यह सवाल भी किया है कि एमसीडी की बागडोर किसको? केजरीवाल या विजेंद्र गुप्ता (बीजेपी) को.
 
manoj tiwari
(दिल्ली नगर निगम चुनाव बीजेपी पार्टी प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी के नेतृत्व में लड़ रही है)

दिल्ली नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी की ओर से लगाए गए होर्डिंग का बीजेपी ने विरोध किया है. आप के होर्डिंग में निगम चुनाव में अरविंद केजरीवाल और भाजपा नेता विजेंद्र गुप्ता की तस्वीर लगाकर इनमें से एक को चुनने को कहा गया है. इस पर बीजेपी का कहना है कि जब चुनाव दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष मनोज तिवारी के नेतृत्व में लड़ा जा रहा है तब विजेंद्र गुप्ता की तस्वीर का इस्तेमाल कर अरविंद केजरीवाल दिल्ली की जनता को क्या संदेश देना चाहते हैं.

 

वहीं, इस पोस्टर पर खुद दिल्ली बीजेपी नेता विजेंद्र गुप्ता ने ट्वीट कर केजरीवाल पर हमला किया है. उन्होंने ट्वीट के जरिए अरविंद केजरीवाल को न केवल असली मुद्दों पर चर्चा की चुनौती पेश की है बल्कि यह भी कहा है कि क्या अरविंद केजरीवाल दिल्ली के एमसीडी चुनाव को ब्यूटी कॉन्टेस्ट समझते हैं. साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि इस प्रकार के हथकंडे मुख्यमंत्री का मानसिक दिवालियापन दर्शाते हैं.

विजेंद्र गुप्ता ने इस होर्डिंग पर आपत्ति जताते हुए यह भी कहा कि उनकी फोटो के साथ छेड़छाड़ की गई है और उसका गलत तरीके से प्रयोग किया गया है. बीजेपी नेताओं ने दिल्ली चुनाव आयोग से इस तरह के भ्रामक चुनाव प्रचार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है.

बता दें कि दिल्‍ली में 23 अप्रैल को नगर निगम चुनाव होने हैं और 26 अप्रैल को वोटों की गिनती होगी.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Aam Aadmi Party, Arvind Kejriwal, Vijendra Gupta, BJP, Poster War
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com