
पिछले साल 14 फरवरी को अरविंद केजरीवाल ने सत्ता छोड़ी थी, ठीक एक साल बाद उसी वेलेंटाइन डे के दिन वह फिर सत्ता पर काबिज होने जा रहे हैं।
तब सवाल था कि अगर लोकसभा और विधानसभा चुनाव दोनों साथ हुए तो वह किसे चुनेंगे। तब सामने आया था कि उनका पहला प्यार दिल्ली है और वह दिल्ली का ही चुनाव लड़ेंगे।
दरअसल, अरविंद केजरीवाल शनिवार को दिल्ली के सीएम पद की शपथ लेने जा रहे हैं। सुबह 11 बजे अरविंद केजरीवाल अपने करीबी और डिप्टी सीएम बनने जा रहे मनीष सिसोदिया के साथ रामलीला मैदान के लिए अपने कौशांबी आवास से निकलेंगे, क्योंकि शपथ से पहले रोड शो करने का प्लान रद्द हो गया है इसलिए केजरीवाल अपनी ग्रे रंग की इनोवा में ही रामलीला मैदान के लिए निकलेंगे। अरविंद के साथ उनकी पत्नी सुनीता और दोनों बच्चे और मनीष के साथ उनकी पत्नी सीमा और बेटा होगा।
अरविंद के माता-पिता भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे, लेकिन वह सुरक्षा के मद्देनज़र केजरीवाल के काफिले के साथ नहीं होंगे।
12 बजे केजरीवाल पद की शपथ लेंगे। 2 बजे वह सचिवालय पहुंचेंगे और सीएम का कार्यभार संभालेंगे। इसके बाद करीब 4.30 बजे वह अपनी कैबिनेट की पहली बैठक करेंगे।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं