'आप' प्रत्याशियों की सूची जारी करते मनीष सिसौदिया
आम आदमी पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए रविवार को अपने 20 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। इसमें कुमार विश्वास को राहुल गांधी की अमेठी सीट से मैदान में उतारा जाएगा और पूर्व बैंकर मीरा सान्याल तथा सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटकर मुंबई से चुनाव लड़ेंगी। वहीं टेलीविजन पत्रकार से राजनीति के मैदान में उतरे आशुतोष दिल्ली में चांदनी चौक से खड़े होंगे, जो इस समय केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल के पास है।
आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के दो दिन बाद जारी इस सूची में दिल्ली की दो, उत्तर प्रदेश की सात, महाराष्ट्र की छह और हरियाणा, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, मध्य प्रदेश और पंजाब की एक-एक लोकसभा सीट के लिए पार्टी के उम्मीदवारों का ऐलान किया गया है।
आप ने हालांकि राय बरेली से किसी उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया है। रायबरेली को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का दुर्ग माना जाता है।
आप ने पूर्व पत्रकार मुकुल त्रिपाठी को उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद से टिकट दिया है। इस क्षेत्र से फिलहाल केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद सांसद हैं। वहीं एडवोकेट एचएस फुलका लुधियाना से चुनाव लड़ेंगे, जो सीट फिलहाल सूचना एवं प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी के पास है, जबकि कार्यकर्ता हरदेव सिंह को मुलायम सिंह के गढ़ मैनपुरी से टिकट दी गई है। आप ने भ्रष्टाचार विरोधी कार्यकर्ता अंजलि दमानिया को भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी के खिलाफ चुनावी मैदान में उतारने का मन बनाया है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने कहा, 'हमारा असल मकसद ईमानदार लोगों को संसद में भेजना है। हम राजवंशीय पृष्ठभूमि वाले अपराधियों को नहीं भेजना चाहते। हम जल्द दूसरी सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी करेंगे।'
आप की इस पहली सूची के मुताबिक, किसानों के नेता सोमेंद्र ढाका उत्तर प्रदेश में बागपत से चुनाव लड़ेंगे। यह सीट फिलहाल केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल के प्रमुख अजित सिंह के पास है। वहीं आरबीएस इंडिया की पूर्व सीईओ और अध्यक्ष सान्याल दक्षिण मुंबई से चुनाव मैदान में उतरेंगी। यह सीट फिलहाल केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा के पास है।
इसके अलावा सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटकर को उत्तर पूर्वी मुंबई सीट से चुनाव मैदान में उतारा जाएगा, जहां फिलहाल राकांपा का कब्जा है। वहीं पश्चिमी दिल्ली सीट से कांग्रेस के महाबल मिश्रा के खिलाफ पत्रकार जरनैल सिंह को 'आप' ने चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है। 'आप' नेता योगेंद्र यादव गुड़गांव से चुनाव लड़ेंगे।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं