मेजर ऋषभ सिंह सांब्याल का नाम सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है, उनके सेना से रिटायर होने की खबरों को लेकर लोग काफी उत्सुक हैं और जानना चाहते हैं कि सांब्याल ने ऐसा फैसला क्यों लिया. ऋषभ सिंह सांब्याल पैरा कमांडो रह चुके हैं और उनकी काबिलियत को देखते हुए उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का एडीसी बनाया गया था. इस दौरान उन्होंने कुछ ऐसी चीजें कीं, जिनकी वजह से वो काफी मशहूर हो गए और सोशल मीडिया सेंसेशन बन गए. आइए जानते हैं कि मेजर ऋषभ सिंह सांब्याल कौन हैं और उन्होंने कहां से पढ़ाई की है.
कौन हैं मेजर ऋषभ सिंह सांब्याल?
ऋषभ सिंह सांब्याल की लिंक्डिन प्रोफाइल के मुताबिक उन्होंने 2013 में एनडीए क्लियर किया था और फिर देहरादून के इंडियन मिलिट्री एकेडमी में उनकी ट्रेनिंग हुई. यहीं से उन्होंने आगे की पढ़ाई की और मिलिट्री स्टडीज एंड डिफेंस मैनेजमेंट में ग्रेजुएशन किया. ऋषभ सांब्याल ने सेना में अफसर बनने के बाद 2021 में रिपब्लिक डे परेड पर जाट रेजिमेंट की टुकड़ी का नेतृत्व किया, तब भी उनकी तस्वीरें खूब वायरल हुई थीं.

ऐसे बन गए इंटरनेट सेंसेशन
मेजर सांब्याल ने जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के एडीसी का पद संभाला तो उनकी पर्सनैलिटी और तेज तर्रार रवैये ने उन्हें मशहूर कर दिया. जब भी राष्ट्रपति का दौरा होता तो, सांब्याल उनके साथ साये की तरह खड़े रहते, राष्ट्रपति की तरफ आते हर हाथ पर उनकी नजर होती थी और ऐसे मामलों पर तुरंत रिएक्ट करते थे. बारिश में भीगते हुए राष्ट्रपति के ऊपर छाता ताने उनकी फोटो खूब वायरल हुई थी. इसके बाद उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होती रहीं और उन्हें नेशनल क्रश तक का टैग दे दिया गया.

क्यों लिया सेना से रिटायरमेंट?
करीब 12 साल की नौकरी के बाद ऋषभ सांब्याल ने सेना से रिटायरमेंट ले लिया है. उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी राष्ट्रपति के पूर्व एडीसी और पूर्व स्पेशल फोर्सेस लिखा हुआ है. हालांकि ये साफ नहीं हुआ है कि उन्होंने इतनी जल्दी सेना की नौकरी क्यों छोड़ी है.
ये भी पढ़ें - IIT रिजेक्शन के बाद भी नहीं मानी हार, Google-Walmart जैसी कंपनियों में लिया करोड़ों का पैकेज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं