Answer Key June 2026 : जून 2026 में यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन-नेशनल एलिजिबिलिटी टेस्ट (UGC-NET) खत्म हुए एक महीने से ज्यादा समय हो चुका है. लेकिन नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने न तो प्रोविजनल आंसर की जारी की है और न ही नतीजे घोषित किए हैं, जिससे चलते हजारों उम्मीदवार की बेचैनी बढ़ती जा रही है. बता दें कि पिछले साल के मुकाबले इस परीक्षा के रिजल्ट में बहुत ज्यादा देरी हो रही है.
विदित हो कि जून 2026 का UGC-NET 22 जून से 30 जून तक 87 विषयों के लिए कंप्यूटर-बेस्ड मोड में आयोजित किया गया था. कैंडिडेट्स ने बार-बार टेस्टिंग एजेंसी से नतीजे घोषित करने से पहले प्रोविजनल आंसर की जारी करने की मांग की है. आंसर की से छात्र अपने जवाबों की जांच कर सकते हैं, अपने स्कोर का अंदाजा लगा सकते हैं और फाइनल आंसर की तैयार होने और नतीजे घोषित होने से पहले किसी भी गड़बड़ी पर आपत्ति जता सकते हैं.
X पर फूटा छात्रों का गुस्सा
इसको लेकर एक्स पर यूजीसी उम्मीदवार लगातार एनटीए से सवाल कर रहे हैं. श्रीनगर के एक UGC-NET उम्मीदवार ने X पर लिखा, ''लगभग तीन हफ्ते तक NTA हेल्पलाइन पर कॉल करने के बावजूद, उन्हें सिर्फ पहले से तय जवाब मिले और आंसर की के बारे में कोई अपडेट नहीं मिला. छात्र बेवकूफ नहीं हैं, जिन्हें इस तरह टाल दिया जाए. अब आंसर की जारी करें".
राजस्थान के एक और उम्मीदवार ने देरी पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई यूनिवर्सिटी ने पहले ही PhD के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिए हैं, जबकि UGC-NET की आंसर की अभी जारी नहीं हुई है. छात्र ने UGC चेयरमैन को टैग करते हुए पोस्ट किया, "परीक्षा हुए डेढ़ महीना हो गया है".
शेड्यूल के बारे में किसी भी आधिकारिक अपडेट के न होने से भी उम्मीदवारों में चिंता बढ़ गई है. अब हम एजेंसी से इस बारे में स्पष्टता चाहते हैं कि आंसर की, आपत्ति दर्ज करने की विंडो और नतीजे कब जारी किए जाएंगे.
जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ इंटरनेशनल स्टडीज की छात्रा श्रेष्ठ शर्मा ने अपनी चिंता जाहिर करते हुए कहा, "इंतजार से ज्यादा बुरा अनिश्चितता का माहौल है. हमें नहीं पता कि आंसर की कब जारी होंगी, इसलिए अपने स्कोर का अंदाजा लगाना या आगे की योजना बनाना मुश्किल है. अगर एक साफ टाइमलाइन मिल जाए तो काफी हद तक चिंता कम हो सकती है."
कोलकाता के लोरेटो कॉलेज की एक और उम्मीदवार ने कहा, "NTA की तरफ से कोई जानकारी न मिलना सबसे ज्यादा परेशान करने वाला है. अगर कोई आधिकारिक अपडेट भी मिल जाए तो उम्मीदवारों को तसल्ली मिलेगी. हममें से कई लोगों ने अपने करियर से जुड़े प्लान रोक दिए हैं क्योंकि हमें नहीं पता कि नतीजे कब घोषित होंगे."
SFI की मांग, जवाब दे NTA
30 जुलाई को, स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) ने मांग की कि NTA तुरंत प्रोविजनल आंसर की जारी करे और ऑब्जेक्शन विंडो, फाइनल आंसर की और नतीजों की घोषणा के लिए एक साफ टाइमलाइन बताए. स्टूडेंट यूनियन ने एग्जाम प्रोसेस में ज्यादा ट्रांसपेरेंसी और एजेंसी की "बार-बार की प्रशासनिक नाकामियों" के लिए जवाबदेही की भी मांग की.
NDTV से NTA ने क्या कहा
देरी के बारे में पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए NTA के एक सूत्र ने NDTV को बताया, "जून की परीक्षा में 87 विषय शामिल थे, जो एक बहुत बड़ा काम है. हम जल्द ही नतीजे जारी करेंगे."
पिछले साल क्या रहा ट्रेंड
विदित है कि जून 2025 सेशन में 25 जून से 29 जून के बीच एग्जाम हुआ था. इसकी प्रोविजनल आंसर की 5 जुलाई को जारी की गई थी. इसी तरह, दिसंबर 2025-जनवरी 2026 के साइकल की 31 दिसंबर से 7 जनवरी के बीच परीक्षा हुई थी. आंसर की 14 जनवरी को जारी कर दी गई थी.
यूजीसी नेट परीक्षा क्यों कराई जाती है
UGC-NET साल में दो बार आयोजित किया जाता है और इसमें दो पेपर होते हैं, जिनमें कुल 300 अंकों के 150 सवाल होते हैं. यह परीक्षा उम्मीदवारों की टीचिंग और रिसर्च एप्टीट्यूड के साथ-साथ उनके चुने हुए पोस्ट-ग्रेजुएट विषय के ज्ञान का भी आकलन करती है. जिससे PhD प्रोग्राम में एडमिशन, असिस्टेंट प्रोफेसर के तौर पर भर्ती और जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) देने के लिए योग्यता तय होती है.
यह भी पढ़ें- 240 छात्रों के साथ शुरू हुआ सेंट जेवियर्स का पहला BTech बैच, AI-ML समेत 4 कोर्स लॉन्च
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं