तमिलनाडु सरकार ने राज्य में नर्सिंग शिक्षा का दायरा बढ़ाने के लिए बड़ा फैसला लिया है. सरकार ने सरकारी नर्सिंग संस्थानों में सीटों की संख्या 796 से बढ़ाकर 1,651 करने का निर्णय लिया है. इसके तहत स्नातक (UG) और स्नातकोत्तर (PG) पाठ्यक्रमों में कुल 855 नई सीटें जोड़ी जाएंगी.
कम खर्च में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूतीइस पहल का उद्देश्य राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रशिक्षित नर्सिंग पेशेवरों की उपलब्धता बढ़ाना और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों के लिए किफायती नर्सिंग शिक्षा सुनिश्चित करना है. यह विस्तार सरकार की उस व्यापक योजना का हिस्सा है, जिसके तहत सरकारी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस और बीडीएस सीटों के साथ-साथ एलाइड हेल्थ एजुकेशन को भी मजबूत किया जा रहा है.
मंजूरी मिली, जल्द शुरू होंगे दाखिलेचिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान निदेशालय (DME & R) ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. आवश्यक नियामकीय स्वीकृतियां मिलने के बाद नई सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
यूजी और पीजी पाठ्यक्रमों में सीटों का ब्रेकअपप्रस्ताव के अनुसार, 13 सरकारी संस्थानों में 660 बीएससी नर्सिंग, 120 पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और 75 एमएससी नर्सिंग की नई सीटें जोड़ी जाएंगी. इसके साथ ही बीएससी नर्सिंग की कुल सीटें 510 से बढ़कर 1,170 हो जाएंगी.
नए मॉडल नर्सिंग कॉलेजों पर 40 करोड़ का निवेशइनमें अधिकांश नई सीटें सरकारी मेडिकल कॉलेज परिसरों में बन रहे छह नए मॉडल कॉलेज ऑफ नर्सिंग में उपलब्ध कराई जाएंगी. प्रत्येक संस्थान का निर्माण लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है, जिसके लिए तमिलनाडु डॉ. एमजीआर मेडिकल यूनिवर्सिटी वित्तीय सहायता दे रही है. इसके अलावा कोयंबटूर के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, ईएसआई एंड हॉस्पिटल में भी सीटें बढ़ाई जाएंगी.
जानिए किन जिलों में बढ़ेंगी बीएससी नर्सिंग की सीटेंप्रस्तावित सीट आवंटन के अनुसार, तिरुचिरापल्ली के केएपी विश्वनाथन गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज तथा तिरुवन्नामलाई, वेल्लोर, धर्मपुरी, इरोड और तिरुनेलवेली के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में बीएससी नर्सिंग की 100-100 अतिरिक्त सीटें मिलेंगी. वहीं, कोयंबटूर के ईएसआई मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में 60 नई सीटें जोड़ी जाएंगी.
पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग सीटों का आवंटनसरकार उच्च नर्सिंग शिक्षा का भी विस्तार करेगी. पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग की 120 अतिरिक्त सीटें चेंगलपट्टू मेडिकल कॉलेज, गवर्नमेंट थेनी मेडिकल कॉलेज और कडलूर स्थित राजा मुथैया मेडिकल कॉलेज से संबद्ध नर्सिंग कॉलेजों में समान रूप से बांटी जाएंगी.
एमएससी नर्सिंग के लिए नए विकल्पइसी तरह, एमएससी नर्सिंग की 75 नई सीटें चेंगलपट्टू मेडिकल कॉलेज, सलेम के गवर्नमेंट मोहन कुमारमंगलम मेडिकल कॉलेज और गवर्नमेंट थेनी मेडिकल कॉलेज से संबद्ध नर्सिंग कॉलेजों में समान रूप से आवंटित की जाएंगी.
प्राइवेट के मुकाबले 50% से भी कम होगी सरकारी फीसअधिकारियों के अनुसार, इस फैसले से उन छात्रों को विशेष लाभ मिलेगा जो निजी कॉलेजों की मोटी फीस नहीं दे सकते:
बीएससी और पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग: सरकारी वार्षिक फीस 60,000 (प्राइवेट मैनेजमेंट कोटा: 1.2 लाख)
एमएससी नर्सिंग: सरकारी कोटा फीस 75,000 (प्राइवेट मैनेजमेंट कोटा: 1.25 लाख)
मेडिकल सेक्टर में बढ़ती मांग को पूरा करने की तैयारीतमिलनाडु नर्सिंग काउंसिल के अनुसार, राज्य में हर वर्ष करीब 19,000 नर्सिंग छात्र परिषद में अपना पंजीकरण कराते हैं. सरकार का मानना है कि सीटों में यह बढ़ोतरी भविष्य में प्रशिक्षित नर्सिंग कर्मियों की बढ़ती मांग को पूरा करने में मददगार साबित होगी.
यह भी पढ़ें- आंध्र प्रदेश की वैज्ञानिक विमला बाथिनी का कमाल, डेनमार्क से मिली 3.6 करोड़ की फेलोशिप, इस पर करेंगी रिसर्च
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं