विज्ञापन

41वें जन्मदिन पर शुभांशु शुक्ला ने की स्मित मच्छार की तारीफ, छात्रों से बोले- सपनों का पीछा कभी मत छोड़ो

41वें जन्मदिन के मौके पर ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने कैप्टन स्मित मच्छर की बहादुरी की जमकर सराहना की. साथ ही छात्रों को सपनों का पीछा करने, सही करियर विकल्प चुनने और भविष्य के अवसरों को समझने की सलाह दी.

41वें जन्मदिन पर शुभांशु शुक्ला ने की स्मित मच्छार की तारीफ, छात्रों से बोले- सपनों का पीछा कभी मत छोड़ो
शुभांशु शुक्ला के मुताबिक, जब छात्रों को अलग-अलग क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी मिलेगी, तो वे अपने लिए बेहतर विकल्प चुन पाएंगे.

Shubhanshu Shukla Birthday : पुष्प विहार स्थित बिरला विद्या निकेतन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान शुभांशु शुक्ला ने NDTV से खास बातचीत की. उन्होंने अपने स्कूली दिनों को याद किया और छात्रों को सपनों का पीछा करने के लिए प्रेरित किया. साथ ही करियर के विकल्पों को समझने और भविष्य के लिए सही फैसले लेने की सलाह दी. ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने कैप्टन स्मित मच्छार के साहसिक कार्य की सराहना करते हुए उनकी जल्द स्वस्थ होकर ड्यूटी पर लौटने की कामना की. 

स्मित मच्छर की बहादुरी की तारीफ

कैप्टन स्मित मच्छार के साहसिक कार्य पर बात करते हुए शुभांशु शुक्ला ने कहा, “मैं उन्हें बधाई दे रहा हूं और पूरी दुनिया उन्हें बधाई दे रही है. उन्होंने कमाल का काम किया है. इतनी सारी जानें बचाई हैं, बहुत ही साहसी काम किया है. मैं उन्हें बहुत शुभकामनाएं देता हूं कि वह जल्द से जल्द स्वस्थ हों और वापस अपनी ड्यूटी पर जाएं.

अपने स्कूल के दिनों को याद कर क्या बोले शुभांशु शुक्ला?

बातचीत के दौरान शुभांशु शुक्ला ने अपने स्कूली जीवन से जुड़ी यादें भी साझा कीं. लखनऊ के सिटी मॉन्टेसरी स्कूल से पढ़ाई करने वाले शुभांशु शुक्ला ने कहा कि उन्हें अपने स्कूल के दिनों की बहुत याद आती है. ग्रुप कैप्टन कहा कि किसी भी व्यक्ति की बड़ी उपलब्धियों की नींव स्कूल में ही रखी जाती है. उनके मुताबिक, स्कूल का समय जीवन के सबसे अच्छे दौरों में से एक होता है. उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने स्कूल के दिनों में वापस जाना चाहेंगे, हालांकि वर्तमान में जो काम कर रहे हैं, उसे लेकर भी वह काफी उत्साहित हैं.

सपनों को पूरा करने के लिए छात्रों को दी सलाह

बचपन में एस्ट्रोनॉट या विज्ञान के क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देखने वाले छात्रों के बड़ी कक्षाओं में पहुंचने पर दबाव के कारण लक्ष्य से भटकने के सवाल पर शुभांशु शुक्ला ने करियर की सही योजना बनाने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि बदलते समय में करियर के नए विकल्पों और उनसे जुड़े अवसरों की जानकारी होना बेहद जरूरी है. इसके लिए शिक्षकों, अभिभावकों और करियर काउंसलर्स की अहम भूमिका है. उन्हें चाहिए कि वे बच्चों को नए पेशों, नौकरियों और कारोबार से जुड़े अवसरों के बारे में सही जानकारी दें, ताकि छात्र अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार भविष्य की दिशा तय कर सकें.

छात्रों के भविष्य में अभिभावकों की भी अहम भूमिका

शुभांशु शुक्ला के मुताबिक, जब छात्रों को अलग-अलग क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी मिलेगी, तो वे अपने लिए बेहतर विकल्प चुन पाएंगे. सही मार्गदर्शन से उन्हें अपनी रुचि के क्षेत्र में आगे बढ़ने और देश के विकास में योगदान देने का अवसर मिल सकता है. उन्होंने अपने संदेश में छात्रों को सपनों के प्रति गंभीर रहने, सही जानकारी हासिल करने और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने की सीख दी.

दिलचस्प संयोग यह है कि आज ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का जन्मदिन भी है. NDTV से बातचीत के दौरान उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं, जिस पर उन्होंने सभी शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया. आज शुभांशु शुक्ला 41 साल के हो गए हैं. उनका जन्म 10 अक्टूबर 1985 को लखनऊ में हुआ था.

यह भी पढ़े- कैंसर मरीजों के लिए छात्रा ने दान किए लंबे बाल, GEN Z के बीच बढ़ रहा Hair Donation का ट्रेंड


 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com