Meenakshi Bhatia Success Story: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) की PCS परीक्षा 2024 में ऋषिकेश की मीनाक्षी भाटिया ने सामान्य वर्ग में पांचवीं रैंक प्राप्त की है. उनका चयन डिप्टी कलेक्टर पद के लिए हुआ है. उनकी इस सफलता के पीछे सालों की मेहनत, कड़ा संघर्ष छिपा है. मीडिया को दिए इंटरव्यू में मीनाक्षी ने खुद कहा कि जिस तहसील में वे कभी टिफिन बांटा करती थीं, आज वहीं पीसीएस अधिकारी बन गई हैं.
मीनाक्षी की कहानी- संघर्ष से सफलता तक
मीनाक्षी भाटिया की संघर्ष से सफलता की कहानी बहुत प्रेरणादायक है. उन्होंने बताया कि साल 2003 में उनके पिता का निधन हो गया था. पिता के निधन के बाद परिवार पर आर्थिक संकट आ गया था. ऐसे में उनकी मां ने परिवार की जिम्मेदारी संभाली. मां ने टिफिन सर्विस का काम शुरू किया, जिसमें दोनों बेटियों ने साथ दिया. दोनों बेटियां मां की टिफिन सर्विस की डिलीवरी करने जात थीं.
विज्ञान ने भी माना, रोजाना की इन 2 आदतों की वजह से जीनियस थे Albert Einstein
टिफिन डिलीवर करने जाती थीं
मीनाक्षी घरों व विभिन्न कार्यालयों में टिफिन पहुंचाने जाती थीं. जब वे सरकारी कार्यालयों में जाती थीं तो तभी सोचतीं थीं कि एक दिन जरूर यहां काम करेंगी. अधिकारियों की कार्यशैली ने मीनाक्षी को प्रभावित किया. तभी उन्होंने प्रशासनिक सेवा में जाने का लक्ष्य तय कर लिया. जिस तहसील परिसर में कभी वह टिफिन पहुंचाने का काम करती थीं, आज उसी तहसील में डिप्टी कलेक्टर के पद पर पहुंचकर उन्होंने सफलता की नई मिसाल कायम की है.
कठिन परिस्थितियों में करती रहीं पढ़ाई
कठिन परिस्थितियों में भी मीनाक्षी ने पढ़ाई और मेहनत जारी रखी. उन्होंने अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर संघर्ष किया. उनकी सफलता आज हजारों युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है. एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि वह प्रतिदिन लगभग 10 घंटे पढ़ाई करती थीं. सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखती थीं. वे अपना पूरा ध्यान अध्ययन पर केंद्रित रखती थीं.
लैंप के नीचे पढ़कर बन गए IAS ऑफिसर, इसे कहते हैं रियल सक्सेस स्टोरी
शुरू से ही पढ़ाई में अच्छी थीं
मीनाक्षी शुरू से ही अच्छी छात्रा थीं. वे 10वीं और 12वीं कक्षा में ऋषिकेश सिटी टॉपर थीं. अब पीसीएस परीक्षा में पांचवीं रैंक प्राप्त कर उन्होंने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है और साबित किया है कि मेहनत के दम पर जीवन में हर मुकाम हासिल किया जा सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं