- IPS अधिकारी बुशरा बानो को खड़गपुर से स्टेट आर्म्ड पुलिस की चौथी बटालियन में डिप्टी कमांडेंट बनाया गया है
- सोशल मीडिया वीडियो में धार्मिक शब्दों के इस्तेमाल के कारण तबादले को लेकर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है
- पश्चिम बंगाल सरकार ने बुशरा बानो के तबादले को जनहित में बताया है, लेकिन सोशल मीडिया पर अटकलें जारी हैं
पश्चिम बंगाल कैडर में भारतीय पुलिस सेवा की अधिकारी बुशरा बानो का तबादला कर दिया गया है. उन्हें खड़गपुर के एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस पद से हटाकर स्टेट आर्म्ड पुलिस की चौथी बटालियन में डिप्टी कमांडेंट के तौर पर तैनात किया गया है.
महज ढाई माह में ही IPS बुशरा बानो का तबादला होने के कारण इस पर राजनीति भी शुरू हो गई है. TMC का दावा है कि यह तबादला बानो के हालिया सोशल मीडिया वीडियो की वजह से किया गया है. वायरल वीडियो में वे धार्मिक शब्दों का इस्तेमाल करती नजर आई थीं.
उधर, पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से जारी नोटिफिकेशन में IPS बुशरा बानो के तबादले को 'जनहित' में बताया गया है. हालांकि, सोशल मीडिया पर बुशरा बानो के तबादले को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं. IPS अधिकारी के इस तबादले को लेकर एक बड़ा विवाद खड़ा होता नजर आ रहा है. पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि अगर पुलिस अधिकारियों के खिलाफ शिकायतें आती हैं, तो कार्रवाई की जाएगी.
बुशरा बानो का वायरल वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में IPS बुशरा बानो ने अपनी UPSC सक्सेस स्टोरी शेयर की थी. वे कहती हैं कि "अस्सलाम-अलैकुम! मैं 2021 बैच की IPS अधिकारी हूं और अभी खड़गपुर में एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस के तौर पर तैनात हूं. सऊदी अरब से लौटने के बाद मैंने UPSC परीक्षा की तैयारी शुरू की. शुरू में मैं खुद पढ़ाई कर रही थी, फिर AMU के RCA ने मेरी बहुत मदद की. उनकी बुक लाइब्रेरी भी बहुत अच्छी है. मैं यह सब आप लोगों के साथ इसलिए शेयर कर रही हूं ताकि दूसरे लोगों को भी इससे फायदा हो."
बुशरा बानो की जगह पार्थ घोष की नियुक्ति
पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से 14 सितंबर को जारी तबादला सूची में पश्चिम बंगाल पुलिस सेवा के दो अफसरों का नाम भी शामिल है. IPS बुशरा बानो के स्थान पर अब पार्थ घोष को नियुक्त किया गया है. वे चंदननगर से अब खड़गपुर (पश्चिम मेदिनीपुर) के अपर पुलिस अधीक्षक बनाए गए हैं. वहीं, शुभेंदु मंडल को राज्य सशस्त्र पुलिस से चंदननगर का अपर पुलिस आयुक्त बनाया गया है.

बुशरा बानो के तबादले पर किसने-क्या बोला?
IPS बुशरा बानो के तबादले को सोशल मीडिया पर उनके एक वीडियो से जुड़े हालिया विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि, आधिकारिक नोटिफिकेशन में तबादले की वजह सिर्फ "जनहित" बताई गई है. इसलिए, आधिकारिक तौर पर यह साफ नहीं है कि वीडियो से जुड़ा विवाद ही असल वजह है या नहीं. खड़गपुर की एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस बुशरा बानो के ट्रांसफर पर भाजपा नेता दिलीप घोष कहते हैं, "खड़गपुर ASP के ट्रांसफर को लेकर कुछ प्रशासनिक मुद्दे और दूसरी शिकायतें थीं. इन्हीं के आधार पर विभाग ने उनका ट्रांसफर किया."
पश्चिम बंगाल में एक मुस्लिम IPS अधिकारी का 'अस्सलाम-अलैकुम' कहने पर ट्रांसफर किए जाने की खबरों पर TMC नेता शोभनदेव चट्टोपाध्याय कहते हैं, "वे आस्था को बदनाम कर रहे हैं. मैं क्या कहूं? सरकार ऐसे ही काम कर रही है. क्या हमारा देश आस्था के आधार पर चलेगा?" राज्य में जगहों के नाम बदलने की योजना की खबरों पर वे कहते हैं, "यह बंगाल है. यहां ऐसा नहीं होता..."
ISF विधायक नौशाद सिद्दीकी ने कहा कि उन्होंने सोशल मीडिया पर अल्पसंख्यकों, खासकर महिलाओं और SC/ST समुदायों के लड़के-लड़कियों के लिए अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी जाने के बारे में एक छोटा वीडियो पोस्ट किया था, जहां UPSC पास करने की अच्छी तैयारी कराई जाती है. उन्होंने कहा कि UPSC पास करने के बाद आप देश की सेवा करेंगे, यानी राष्ट्र की सेवा करेंगे.
तृणमूल के राष्ट्रीय प्रवक्ता रिजु दत्ता ने कहा, "मुझे नहीं पता कि IPS अधिकारी ने अपने सोशल मीडिया वीडियो में क्या कहा था. लेकिन अगर उनका तबादला इसलिए किया गया है क्योंकि वह अपनी धार्मिक मान्यताओं को मानती हैं, तो यह कानून के खिलाफ है."
यह भी पढ़ें - IPS बुशरा बानो क्यों हो रही हैं ट्रोल? लाखों की नौकरी छोड़ UPSC में रचा था इतिहास, अब हुआ तबादला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं