केवल IIT की डिग्री होने पर ही बड़ी कंपनी में करोड़ों के पैकेज पर नौकरी पाई जा सकती है... इस धारणा को कर्नाटक के इंजीनियर पृथ्वीराज पी ने एकदम गलत साबित करके दिखाया है. IIT की डिग्री न होने के बावजूद कर्नाटक के इंजीनियर पृथ्वीराज पी को कैलिफोर्निया में NVIDIA में 2.6 करोड़ रुपये की नौकरी मिल गई है. पृथ्वीराज पी की कहानी उन लोगों के लिए प्रेरणादायक है जिनका एडमिशन IIT में नहीं हुआ है. पृथ्वीराज पी ने ये साबित करके दिखाया गया है कि लगन और हुनर होने पर आसानी से मनचाही नौकरी पाई जा सकती है.
स्किल्स पर किया फोकस
पृथ्वीराज ने अपने इस सफर की कहानी लिंक्डइन पर शेयर की है. उन्होंने बताया कि वे कैलिफ़ोर्निया के सांता क्लारा में मौजूद NVIDIA के हेडक्वार्टर में 'सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट इंजीनियर - डीप लर्निंग' के तौर पर शामिल हुए थे. पृथ्वीराज कर्नाटक के चित्रदुर्ग ज़िले के कतमदेवरकोटे गांव के रहने वाले हैं. एक मिडिल-क्लास परिवार में पले-बढ़े पृथ्वीराज के पिता बैंक में काम करते थे.
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर दिया जोर
पृथ्वीराज बड़े होकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई करना चाहते थे. पृथ्वीराज ने IIT या किसी दूसरे बड़े इंजीनियरिंग इंस्टिट्यूट की जगह बेंगलुरु की PES यूनिवर्सिटी से इंजीनियरिंग में अपनी बैचलर डिग्री पूरी की. इसके बाद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डीप लर्निंग में प्रैक्टिकल स्किल्स सीखने पर ध्यान दिया.
ग्रेजुएशन के बाद मास्टर डिग्री करने के लिए अमेरिका चले गए. इस दौरान, उन्हें आर्थिक परेशानी भी हुई. लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. इस दौरान उन्होंने NVIDIA के रिक्रूटमेंट टेस्ट को पास कर लिया. अब वो NVIDIA में एडवांस्ड डीप लर्निंग टेक्नोलॉजी पर काम कर रहे हैं और 2.6 करोड़ रुपये हर साल कमा रहे हैं. पृथ्वीराज की इस कामयाबी का केवल एक ही मंत्र है और वो अपनी स्किल्स को बेहतर बनाना.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं