भारत में जिस तरह से एंट्रेंस एग्जाम के जरिए मेडिकल कॉलेजों में दाखिला मिलता है, उसी तरह से पाकिस्तान में भी मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा पास करनी होती है. भारत में मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए NEET-UG और NEET-PG एग्जाम क्रैक करना होता है. वहीं पाकिस्तान में सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में MBBS और BDS पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए छात्रों को मेडिकल और डेंटल कॉलेज एडमिशन टेस्ट (MDCAT) देना होता है. पाकिस्तान मेडिकल एंड डेंटल काउंसिल इस एग्जाम को करवाती है. आइए जानते हैं पाकिस्तान के इस एग्जाम के बारे में
कौन कर सकता है आवेदन?
पाकिस्तान में MBBS या BDS में प्रवेश के लिए वो उम्मीदवार अप्लाई कर सकते हैं, जिन्होंने 12वीं क्लास फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी विषय में पास की हो. एग्जाम से जुड़ी सारी शर्ते पूरा करता हो. एग्जाम में मुख्य रूप से बायोलॉजी, केमिस्ट्री, फिजिक्स, अंग्रेजी और Logical Reasoning से जुड़े सवाल पूछे जाते हैं. एग्जाम के बाद कटऑफ निकाली जाती है. जिसके आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाती है. दाखिला पूरी तरह मेरिट के आधार पर ही दिया जाता है. फाइनल एडमिशन मेरिट में मैट्रिक (10%), HSSC/F.Sc (40%) और MDCAT (50%) के स्कोर को मिलाकर तैयार किया जाता है.
मिलिट्री और सेना की ओर से संचालित किए जानेवाले मेडिकल कॉलेजों के लिए नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज एक अलग प्रवेश परीक्षा आयोजित करती है. जिसे पास करना होता है.
पाकिस्तान टॉप मेडिकल कॉलेज
- किंग एडवर्ड मेडिकल यूनिवर्सिटी (KEMU)- ये कॉलेज लाहौर में है और पाकिस्तान का सबसे पुराना और सबसे प्रतिष्ठित पब्लिक मेडिकल कॉलेजों में से एक है. जहां एडमिशन के लिए मेरिट के काफी ऊंची जाती है. वहीं सालाना फीस बहुत कम है.
- डाऊ यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज (DUHS)- ये कॉलेज कराची में है. ये सिंध का एक प्रमुख पब्लिक हेल्थ कॉलेज है. यहां की फीस भी काफी कम होती है.
- आर्मी मेडिकल कॉलेज (AMC)-पाकिस्तान के टॉप कॉलेजों में से एक ये भी है जो कि रावलपिंडी में है. ये सेना का मशहूर पब्लिक कॉलेज है.
- अल्लामा इकबाल मेडिकल कॉलेज (AIMC)- लाहौर में स्थित ये कॉलेज अपने आधुनिक कैंपस के लिए फेमस है. जिन्ना हॉस्पिटल इससे ही जुड़ा हुआ है.
- निश्तर मेडिकल यूनिवर्सिटी (NMU) – ये कॉलेज मुल्तान में है. दक्षिणी पंजाब का एक प्रमुख मेडिकल हब है.
- खैबर मेडिकल कॉलेज (KMC) – पेशावर में स्थित ये कॉलेज सबसे पुराना और प्रमुख सरकारी मेडिकल कॉलेजों में से एक है.
- रावलपिंडी मेडिकल यूनिवर्सिटी (RMU) – ये कॉलेज रावलपिंडी में है. यहां की पढ़ाई काफी अच्छी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं