First indian acid attack survivor: कभी एक एसिड अटैक ने रेशम फातिमा की जिंदगी को पूरी तरह बदल दिया था. ऐसा वक्त भी आया जब हर सपना अधूरा लगता था और आगे का रास्ता धुंधला नजर आता था. लेकिन रेशम ने हालात के आगे झुकने के बजाय अपनी पढ़ाई को अपनी सबसे बड़ी ताकत बना लिया. सालों की मेहनत, हिम्मत और खुद पर भरोसे का नतीजा आज पूरी दुनिया देख रही है. रेशम फातिमा अब यूके सरकार की मशहूर चेवनिंग स्कॉलरशिप 2026 पाने वाली भारत की पहली एसिड अटैक सर्वाइवर बन गई हैं. उनकी ये सफलता सिर्फ एक स्कॉलरशिप नहीं, बल्कि हर उस इंसान के लिए उम्मीद की कहानी है, जो मुश्किल वक्त से गुजर रहा है.
मेहनत ने बदल दी जिंदगी
रेशम फातिमा को यूके सरकार की पूरी तरह फंडेड चेवनिंग स्कॉलरशिप मिली है. इसके तहत वो लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस यानी LSE में मास्टर ऑफ साइंस की पढ़ाई करेंगी. दुनिया भर के हजारों छात्र इस स्कॉलरशिप का सपना देखते हैं, लेकिन बहुत कम लोगों का सिलेक्शन हो पाता है.
खुशखबरी लंबे समय तक किसी को नहीं बताई
रेशम ने सोशल मीडिया पर बताया कि उन्होंने इस बड़ी कामयाबी की बात काफी समय तक अपने तक ही रखी. जब सब कुछ तय हो गया, तब उन्होंने लोगों के साथ ये खुशी बांटी. उन्होंने कहा कि ये पल उनके लिए किसी सपने के सच होने से कम नहीं है और इसके पीछे कई सालों की मेहनत छिपी है.
मुश्किल वक्त में भी नहीं छोड़ी पढ़ाई
रेशम ने बताया कि करीब 10 साल पहले हुए एसिड अटैक के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई थी. कई बार ऐसा लगा कि अब आगे बढ़ना आसान नहीं होगा. लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. उन्होंने पहले जामिया मिल्लिया इस्लामिया में पढ़ाई की, फिर जेएनयू पहुंचीं और अब दुनिया की सबसे नामी यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करने जा रही हैं.
सिर्फ अपनी नहीं, लाखों लड़कियों की जीत
रेशम का कहना है कि ये सिर्फ उनकी अपनी कामयाबी नहीं है. ये उन सभी लड़कियों के लिए उम्मीद का संदेश है, जिन्हें कभी कहा गया कि उनके सपने पूरे नहीं हो सकते. उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि ये मंजिल नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है. उन्होंने उन सभी लोगों का शुक्रिया भी कहा, जिन्होंने हर मुश्किल दौर में उनका साथ दिया.
ये भी पढ़ें - IAS दिव्या मित्तल ने Gen Z में फूंकी जान, VIDEO देख युवा बोले-'आप में मां की छवि दिखती है'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं