दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव के लिए वोटिंग शुरू हो चुकी है. इस बार 1.5 लाख छात्र चुनावी प्रकिया में हिस्सा ले रहे हैं. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के बीच कांटे की टक्कर है, सभी उम्मीदवारों ने पिछले एक महीने से प्रचार में पूरा जोर लगाया और कुछ जगहों पर झड़प भी देखी गई. यही वजह है कि नॉर्थ कैंपस में भारी संख्या में पुलिसबल को तैनात किया गया है. जिन जगहों पर हिंसा होने का खतरा है, वहां पुलिस की तैनाती गई है.
दो शिफ्ट में हो रही वोटिंग
दिल्ली यूनिवर्सिटी में दो अलग-अलग शिफ्टों में वोटिंग हो रही है. पहली शिफ्ट की वोटिंग सुबह 8:30 से शुरू हो चुकी है, जो 1 बजे तक चलेगी. इसके बाद ईवनिंग कॉलेज करने वाले छात्रों के लिए 3 बजे से शाम 7 बजे तक वोटिंग होगी. वोटिंग के लिए 1100 ईवीएम पहले ही डीयू पहुंचाई गई थी. कुल 158 पोलिंग बूथों में 1.5 लाख से ज्यादा छात्र अपना वोट डालेंगे.
ये हैं उम्मीदवार
NSUI ने विजय शंकर मीणा को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया है, वहीं एबीवीपी की तरफ से यश डबास को मैदान में उतारा गया है. इसके अलावा ABVP ने ईशू मौर्य को उपाध्यक्ष, रिया छाबरी को सचिव और लक्ष्यराज सिंह को उप सचिव के लिए उतारा है. वहीं NSUI ने वीर चत्रा को उपाध्यक्ष, नमत्रा चौधरी को सचिव और गोपाल चौधरी को उप सचिव के पद पर उतारा है.
नॉर्थ कैंपस में हुई थी झड़प
डूसू चुनाव से पहले नॉर्थ कैंपस में दो छात्र गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई थी, जिसके बाद कैंपस को पूरी तरह से पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया. हिंसा को देखते हुए चुनाव रद्द करने की भी बात कही जा रही थी, लेकिन बाद में मामला संभल गया और अब वोटिंग चल रही है. इससे पहले रातभर पुलिस ने इलाके में गश्त लगाई और अब वोटिंग के दौरान भी कड़ी नजर रखी जा रही है.
ये भी पढ़ें - JEE Main से लेकर CUET और UGC NET तक, एनटीए ने जारी किया एग्जाम शेड्यूल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं