DUSU Election 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) ने छात्रसंघ चुनाव 2026 को लेकर नियम जारी कर दिए हैं. इस बार चुनावों में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ परिसर को ध्यान में रखते हुए पेपरलेस कैंपेन पर जोर दिया गया है. DU ने चुनाव प्रचार को डिजिटल बनाने के लिए उम्मीदवारों को अधिकतम 10 मिनट का वीडियो भाषण जमा करने को कहा है. उम्मीदवार 12 सितंबर 2026 को दोपहर 2 बजे तक मुख्य चुनाव अधिकारी (Chief Election Officer) के कार्यालय में वीडियो जमा कर सकते हैं. सीईओ की तरफ से स्वीकृति मिलने के बाद इन वीडियो को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा.
प्रचार में इन चीजों का नहीं कर सकते हैं इस्तेमाल
चुनाव नियमों के तहत लाउडस्पीकर, वाहन, पशुओं, मैस्कॉट या किसी तरह की कॉस्ट्यूम आधारित प्रचार गतिविधियों पर रोक लगाई गई है. साथ ही उम्मीदवार किसी भी प्रकार के छपे हुए पोस्टर, पर्चे या प्रचार सामग्री का उपयोग नहीं कर सकेंगे. केवल हस्तनिर्मित (हैंडमेड) पोस्टर लगाने की अनुमति होगी.
5000 तक कर सकते हैं खर्च
विश्वविद्यालय ने हर उम्मीदवार अधिकतम चुनावी खर्च 5,000 रुपये तय किया है. प्रचार का समय सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक रहेगा और हर उम्मीदवार के साथ कैंपस में अधिकतम चार बोनाफाइड छात्र ही प्रचार कर सकेंगे.
कब तक कर सकते हैं नामांकन
चुनाव लड़ने के इच्छुक छात्रों के लिए नामांकन दाखिल करने की लास्ट डेट 13 सितंबर 2026 को दोपहर 3 बजे तक निश्चित की गई है. उसी दिन 3:15 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी और शाम 6 बजे लास्ट उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी जाएगी.
कौन लड़ सकता है चुनाव
विश्वविद्यालय की ओर से जारी आचार संहिता के अनुसार, केवल रेगुलर और फुल टाइम कोर्सेस में एनरोल स्टूडेंट्स ही चुनाव लड़ सकेंगे. ग्रेजुएट(UG) छात्रों के लिए आयु सीमा 17 से 22 साल निर्धारित की गई है, जबकि पोस्ट ग्रेजुएट (PG) छात्रों के लिए अधिकतम आयु 25 साल रखी गई है. उम्मीदवारों के लिए विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित न्यूनतम उपस्थिति या 75 प्रतिशत उपस्थिति, जो भी अधिक हो, अनिवार्य होगी.
विश्वविद्यालय के अनुसार, दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव 18 सितंबर 2026 को आयोजित होंगे, जबकि वोटों की गिनती 19 सितंबर, 2026 को की जाएगी.
यह भी पढ़ें- NEET पेपर लीक और UGC-NET विवाद के बाद NTA में बड़ा एक्शन, 50 से ज्यादा कर्मचारी हटाए गए, नई टीम की जाएगी तैयार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं