CGBSE Board Exam 2027: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE), रायपुर ने साल 2027 की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का पूरा टाइम टेबल जारी कर दिया है. इस बार 12वीं की परीक्षाएं 12 मार्च और 10वीं की परीक्षाएं 13 मार्च 2027 से शुरू होंगी. सभी मुख्य पेपर सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे की एकल पाली में आयोजित किए जाएंगे. डिटेल शेड्यूल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर अवलेवल है.
हाईस्कूल और हायर सेकंडरी परीक्षा का पूरा शेड्यूल
मंडल द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार हायर सेकंडरी सर्टिफिकेट परीक्षा 12 मार्च 2027 से 8 अप्रैल 2027 तक आयोजित की जाएगी. वहीं, हाईस्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा 13 मार्च 2027 से 5 अप्रैल 2027 तक चलेगी. इसके अलावा शारीरिक प्रशिक्षण पत्रोपाधि परीक्षा (प्रथम एवं द्वितीय वर्ष) 12 मार्च 2027 से 20 मार्च 2027 तक आयोजित होगी. मंडल ने बताया कि विस्तृत समय-सारणी मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है. विद्यार्थी विषयवार पूरा टाइम टेबल वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं. मंडल ने स्कूलों को भी निर्देश दिया है कि वे समय-सारणी की जानकारी विद्यार्थियों तक पहुंचाएं, ताकि वे समय पर तैयारी कर सकें.
बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड करें टाइम टेबल
टाइम टेबल जारी होने के बाद विद्यार्थियों और अभिभावकों में परीक्षा की तैयारी को लेकर सक्रियता बढ़ गई है. करीब चार महीने का समय मिलने से विद्यार्थियों को रिवीजन और प्रैक्टिस के लिए पर्याप्त मौका मिलेगा. शिक्षकों का कहना है कि विद्यार्थियों को अब विषयवार प्लान बनाकर पढ़ाई करनी चाहिए और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का अभ्यास करना चाहिए.
नकल रोकने के लिए कड़े इंतजाम और उड़नदस्ता एक्टिव
मंडल अधिकारियों के अनुसार परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और नकल रोकने के लिए भी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. परीक्षा के दौरान उड़नदस्ता दल सक्रिय रहेंगे और केंद्रों पर सीसीटीवी व अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.
परीक्षा केंद्र के नियम और जरूरी गाइडलाइंस
विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचने और एडमिट कार्ड साथ लाने की सलाह दी गई है. बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक रहेगा. इसमें प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए मिलने वाला अतिरिक्त समय भी शामिल है. विद्यार्थियों को उत्तरपुस्तिका में रोल नंबर और अन्य जानकारी सावधानीपूर्वक भरने की अपील की गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं