CBSE 10 Second Board Exams: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) 10वीं कक्षा की दूसरी बोर्ड परीक्षा आज यानी 15 मई से शुरू हो रही हैं. ये एग्जाम 21 मई तक चलेंगे. सीबीएसई की डेटशीट के अनुसार, परीक्षा की शुरुआत 15 मई को गणित स्टैंडर्ड और बेसिक के एग्जाम से होगी. सीबीएसई10वीं कक्षा की दूसरी बोर्ड परीक्षा के लिए 6.68 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं. इनमें अधिकांश आवेदन मुख्य परीक्षा में प्राप्त अंकों में सुधार के लिए किए गए हैं. सीबीएसई के अनुसार, दूसरी बोर्ड परीक्षा के लिए कुल 6,68,854 नियमित उम्मीदवारों ने आवेदन किया है जिनमें से 5,25,655 ने सुधार के लिए, 85,285 ने ‘कंपार्टमेंट' श्रेणी के तहत तथा 57,914 ने ‘कंपार्टमेंट' तथा सुधार दोनों श्रेणियों के लिए आवेदन किया है.
सीबीएसई 10वीं कक्षा की डेटशीट
16 मई को अंग्रेजी (कम्युनिकेटिव) और अंग्रेजी (लैंग्वेज एंड लिटरेचर) की परीक्षा होगी. 19 मई को भाषा और वैकल्पिक विषयों की परीक्षा होगी., जिसमें हिंदी, उर्दू, पंजाबी, बांग्ला, तमिल, तेलुगु, मराठी, गुजराती तथा कई विदेशी भाषाएं शामिल हैं. इसी दिन गृह विज्ञान और कुछ व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं भी होंगी. 20 मई को संस्कृत, चित्रकारी, सूचना प्रौद्योगिकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता की परीक्षा होगी. 21 मई को सामाजिक विज्ञान की परीक्षा के साथ ये एग्जाम खत्म हो जाएंगे.
बता दें कि सीबीएसई ने 2026 से 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं वर्ष में दो बार आयोजित करना शुरू किया है. फरवरी में हुई पहली परीक्षा अनिवार्य थी, जबकि दूसरी परीक्षा वैकल्पिक है. ये परीक्षा अंकों में सुधार या अनुत्तीर्ण विषयों को पास करने के लिए आयोजित की जा रही हैं. दूसरी बोर्ड परीक्षा में छात्र अधिकतम तीन विषयों में शामिल हो सकते हैं और अपने सर्वश्रेष्ठ अंक हासिल कर सकते हैं.
कब आएंगे नतीजे
उम्मीद की जा रही है कि 10वीं कक्षा की दूसरी बोर्ड परीक्षा के रिजल्ट एग्जाम खत्म होने के 1 महीने के अंदर जारी कर दिए जाएंगे. इसके बाद छात्र अपने स्कूल में दाखिला ले सकेंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं