दिल्ली के परीक्षा केंद्रों पर नीट री-एग्जाम के क्वेश्चन पेपर पहुंच चुका है. सील बंद लोहे के बाक्स में क्वेश्चन पेपर को एग्जाम सेंटर तक पहुंचाया गया है. इन बोक्स पर एक QR कोड भी लगा है. जानकारी के अनुसार एक खास एग्जामिनर ही स्कैन करके क्वेश्चन पेपर के इस बोक्स को खोलेगा. दूसरी ओर एग्जाम सेंटर के बाहर उम्मीदवारों का आना शुरू हो गया है. कई उम्मीदवार अपने परिवार के सदस्यों के साथ परीक्षा केंद्र के बाहर खड़े हैं. ये लोग बस इंतजार कर रहे हैं कि कब परीक्षा केंद्र के अंदर जाने की प्रक्रिया शुरू होगी. इस दौरान NDTV ने दिल्ली के अमर कॉलोनी के रहने वाले निवासी सुंदर से खास बातचीत की. सुंदर की बेटी भी आज ये एग्जाम देने पहुंची है.
इस बार बेटी को हुआ तनाव
सुंदर ने बताया, 'पहला वाला पेपर बच्ची का अच्छा हुआ था, इस बार उसे तनाव है कि कैसा इस बार का पेपर होगा. नीट का पेपर लीक हुआ था तब बच्ची बहुत तनाव में थी. लेकिन हम लोग रोज बात करते थे. दोबारा उसी तालमेल से तैयारी करना आसान नहीं होता है'. सुंदर ने आगे कहा 'इस बार छात्रों के तनाव का वक्त बढ़ गया क्योंकि पहली परीक्षा में बच्ची महीने भर तक तनाव में रही फिर रद्द होने के बाद जब दोबारा परीक्षा की तारीख आई तब फिर उसे पढ़ाई में लगना पड़ा'.

इस बार करीब 22 लाख छात्र कुछ ही देर में नीट परीक्षा देने जा रहे हैं. परीक्षा केंद्र दोपहर 1:30 बजे बंद हो जाएंगे. सुबह 11:30 परीक्षा केंद्र में एंट्री की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी. इसलिए जो भी उम्मीदवार ये एग्जाम देने जा रहे हैं, वो समय पर पहुंच जाएं. एक मिनट की देरी होना भी भारी पड़ सकता है. बता दें कि NEET प्रश्नपत्र तीस हजारी में एसबीआई के बैंक में कड़ी सुरक्षा बंदोबस्त में रखे गए थे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं