विज्ञापन

AEDO ही नहीं, बिहार में इस साल ये 5 बड़े एग्जाम भी हो चुके हैं रद्द, यहां देखें पूरी लिस्ट

Bihar Exam Cancel List 2026: BPSC ने सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (AEDO) की परीक्षा को पूरी तरह रद्द कर दिया है. यह कोई पहला मामला नहीं है. इससे पहले भी कई एग्जाम कैंसिल हो चुके हैं.

AEDO ही नहीं, बिहार में इस साल ये 5 बड़े एग्जाम भी हो चुके हैं रद्द, यहां देखें पूरी लिस्ट
सिर्फ राज्य ही नहीं, केंद्रीय पात्रता परीक्षा (CTET) भी बिहार में प्रभावित हुई.

Bihar Exam Cancel List 2026: बिहार में परीक्षा मतलब..कभी पेपर लीक, कभी अचानक एग्जाम कैंसिल, तो कभी पूरी भर्ती ही ठप. यहां हालात ऐसे हैं कि अगर कोई परीक्षा बिना विवाद के रिजल्ट तक पहुंच जाए, तो छात्र उसे अपना सबसे बड़ा लक मानते हैं. सरकारी नौकरी की तैयारी में जुटे लाखों युवाओं के लिए यह साल 'कैंसिलेशन ईयर' बन चुका है. अब तक कई बड़े एग्जाम कैंसिल हो चुके हैं. ताजा झटका BPSE (Bihar Public Service Commission) के AEDO एग्जाम के रद्द होने से लगा है. एक ऐसी भर्ती, जिससे हजारों उम्मीदें जुड़ी थीं. यह कोई अकेला मामला नहीं, लिस्ट काफी लंबी है, जहां बैक-टू-बैक परीक्षाएं विवादों की भेंट चढ़ती गईं. देखिए उन परीक्षाओं की लिस्ट जो इस साल रद्द या स्थगित हुई हैं.

BPSC AEDO परीक्षा रद्द

बिहार में 14 से 21 अप्रैल के बीच 9 पालियों में हुई सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा (AEDO) को कैंसिल कर दिया गया है. BPSC ने इसका बकायदा नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया है. AEDO की परीक्षा बिहार में पहली बार आयोजित की गई थी. इसके लिए राज्य भर से करीब 11 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, लेकिन एग्जाम के दौरान कुछ नकलचियों ने सारा खेल बिगाड़ दिया. मुंगेर समेत 6 जिलों में कुल 8 FIR दर्ज हुई हैं. अब तक 36 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जिनमें से सबसे ज्यादा 22 गिरफ्तारियां अकेले मुंगेर से हुई हैं. परीक्षा केंद्रों पर ब्लूटूथ और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के जरिए नकल कराने की कोशिश की गई थी. आयोग ने इस मामले में 32 अभ्यर्थियों को हमेशा के लिए बैन कर दिया है. अब ये लोग कभी BPSC की परीक्षा नहीं दे पाएंगे. आयोग का कहना है कि हालांकि पेपर लीक का कोई पुख्ता सबूत नहीं मिला है, लेकिन परीक्षा की सही बनाए रखने के लिए इसे रद्द करना ही सही फैसला था.

बिहार में ये बड़े एग्जाम भी इस साल हो चुके हैं रद्द BPSC TRE-3 

शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए यह सबसे बड़ा झटका था. तीसरे चरण की इस परीक्षा का पेपर लीक हो गया और सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. जिसके बाद आयोग को पूरी परीक्षा रद्द करनी पड़ी. छात्र आज भी इसके फ्रेश एग्जाम और रिजल्ट के इंतजार में हैं.

बिहार सिविल कोर्ट चपरासी परीक्षा

बड़े एग्जाम तो छोड़िए, चपरासी (Peon) की परीक्षा भी कंप्लीट नहीं हो पाई है. सिविल कोर्ट में 1673 पदों के लिए 15 मार्च 2026 को प्रीलिम्स परीक्षा हुई थी. अभ्यर्थियों को उम्मीद थी कि अब नौकरी पक्की है, लेकिन बिना किसी ठोस कारण के इस परीक्षा को भी रद्द कर दिया गया, फिलहाल नई तारीखों का कोई अता-पता नहीं है.

सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी

23 अप्रैल 2026 को हुई इस परीक्षा को भी धांधली और गड़बड़ी की शिकायतों के चलते रद्द कर दिया गया है. आयोग इसकी नई डेट कब जारी करेगा, इसका इंतजार लाखों उम्मीदवारों को है.

CTET (वैशाली के 2 सेंटर)

सिर्फ राज्य ही नहीं, केंद्रीय पात्रता परीक्षा (CTET) भी बिहार में प्रभावित हुई. फरवरी 2026 में वैशाली जिले के दो सेंटरों पर गड़बड़ी के कारण परीक्षा रद्द करनी पड़ी और दोबारा एग्जाम कराने का फैसला लिया गया.

बिहार पुलिस SI मेन्स

दरोगा भर्ती की मुख्य परीक्षा (मेन्स) जो 19 अप्रैल 2026 को होनी थी, उसे भी फिलहाल के लिए स्थगित (Postpone) कर दिया गया है. लाखों अभ्यर्थी अब ग्राउंड और किताबों के बीच झूल रहे हैं.

यह भी पढ़ें- BPSC का बड़ा झटका: अब ओएमआर शीट खाली छोड़ी तो कटेंगे नंबर, 'Option E' ने बढ़ाई टेंशन!

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar Exams 2026, Exams Cancelled In Bihar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com