
आप विधायक प्रकाश जारवाल
Quick Reads
Summary is AI generated, newsroom reviewed.
देवली से विधायक प्रकाश जारवाल पर महिला ने लगाए आरोप
पानी ना मिलने की शिकायत लेकर गई थी महिला
जारवाल ने महिला को धक्का मारते हुए उनके साथ दुर्व्यवहार किया
आम आदमी पार्टी के देवली से विधायक प्रकाश जारवाल पर एक महिला ने बदसलूकी और छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर ग्रेटर कैलाश थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। महिला ने आरोप लगाया है कि 2 जून को वह पानी के मसले को लेकर ग्रेटर कैलाश के दिल्ली जल बोर्ड के दफ्तर गई तो वहां विधायक के साथियों ने उसके साथ बुरा बर्ताव किया और जान से मारने की धमकी दी। वहीं, विधायक प्रकाश जारवाल ने उन्हें धक्का मारते हुए उनके साथ दुर्व्यवहार किया।
विधायक का आरोपों से इनकार, राजनीतिक साजिश करार दिया
उधर, विधायक प्रकाश जारवाल ने सफाई देते हुए कहा कि ये राजनीतिक साजिश के तहत बीजेपी की चाल है जिसके तहत उन्हें फंसाया गया है।
ग्रेटर कैलाश थाने में एफआईआर दर्ज
पीड़ित महिला ओम लता गिल के मुताबिक मामला बीते 2 जून का है, लेकिन उन्होंने इस बाबत कुछ दिन बाद उपराज्यपाल और दिल्ली पुलिस कमिश्नर से संपर्क किया। पुलिस ने जांच कर विधायक के खिलाफ 6 जुलाई को आई.पी.सी. की धारा 354, 506 व 509 के तहत मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
बता दें कि प्रकाश झारवाल देवली विधानसभा से विधायक हैं। इलाके के लोगों की शिकायत है कि पीने का पानी नहीं मिल रहा है।
सांसद विधूड़ी ने आप पार्टी को महिलाओं के साथ दुर्वयवहार करने वाली पार्टी करार दिया
वहीं, अब इलाके के सांसद ने भी दिल्ली सरकार के विधायक को आड़े हाथ लिया है। साऊथ दिल्ली के बीजेपी सांसद रमेश विधूड़ी ने भी आम आदमी पार्टी को महिलाओं के साथ दुर्वयवहार करने वाली पार्टी करार दिया है। सासंद का आरोप है कि आप के विधायक जनता के साथ हमेशा गलत व्यवहार करते हैं जिसके चलते आए दिन ये कानूनी शिकंजे में फंसते जा रहे हैं।
इलाके में पानी की समस्या से परेशान लोग
इलाके में पानी की गंभीर समस्या है। जब मीडिया की टीम पीड़ित महिला के घर पहुंची तो आसपास के लोगों ने मीडिया के कैमरों के सामने पानी की किल्लत की बात तो बताई ही साथ ही देवली इलाके में खुलेआम टैंकर माफियाओं का चल रहे कारोबार के बारे में भी बताया। लोगों का कहना है कि मुफ्त पानी की तो बात दूर है यहां तो एक ड्रम पानी भी खरीद कर पीना पड़ता है।
अब तक 8 AAP विधायक गिरफ़्तार
जून 2016:
संगम विहार विधायक दिनेश मोहनिया
मोहनिया पर महिला से छेड़छाड़ का आरोप
मई 2016
हरिनगर विधायक जगदीप सिंह
जगदीप पर ज़मीन विवाद में मारपीट का आरोप
जनवरी 2016
विकासपुरी विधायक महिंदर यादव
महिंदर पर दंगा फैलाने, शांतिभंग करने का आरोप
नवंबर 2015
मॉडल टाउन विधायक अखिलेश त्रिपाठी
अखिलेश त्रिपाठी पर दंगा फैलाने का आरोप
सितंबर 2015
मालवीय नगर विधायक सोमनाथ भारती
सोमनाथ पर घरेलु हिंसा, हत्या का कोशिश का आरोप
अगस्त 2015
दिल्ली कैंट विधायक कमांडो सुरेंद्र सिंह
सुरेंद्र सिंह पर दलित कर्मचारी से मारपीट का आरोप
जुलाई 2015
कोंडली विधायक मनोज कुमार
मनोज कुमार पर ज़मीन के फ़र्ज़ीवाड़े का आरोप
जून 2015
त्रिनगर विधायक जितेंद्र सिंह तोमर
जितेंद्र सिंह तोमर पर फ़र्ज़ी डिग्री का आरोप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
दिल्ली, आम आदमी पार्टी, देवली विधायक प्रकाश झारवाल, दिल्ली पुलिस, महिला से छेड़खानी, Delhi, AAP, Aam Admi Party, Deoli MLA Prakash Jharwal, Delhi Police, Molestation Case