Pawan Singh Anjali Raghav Controversy: भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ा एक चर्चित मामला गुरुवार 3 अप्रैल को हरियाणा राज्य महिला आयोग के सामने पहुंचा. भोजपुरी स्टार पवन सिंह पर छेड़खानी का आरोप लगाने वाली हरियाणवी डांसर और अभिनेत्री अंजली राघव आयोग के समक्ष पेश हुईं. आयोग की सुनवाई में अंजली राघव तो मौजूद रहीं, लेकिन पवन सिंह व्यक्तिगत रूप से पेश नहीं हुए. इस मामले की सुनवाई रेनू भाटिया की अध्यक्षता में हुई. सुनवाई के दौरान अंजली राघव ने अपने पहले लगाए गए आरोपों को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने आयोग को बताया कि पवन सिंह ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी. इसके बाद उन्होंने पवन सिंह को माफ कर दिया है.
वायरल वीडियो को लेकर उठाई सख्त कार्रवाई की मांग
हालांकि अंजली ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी शिकायत यहीं समाप्त नहीं होती. उन्होंने लखनऊ में हुए एक स्टेज कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि वहां की वीडियो को कुछ लोग लगातार सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे हैं. अंजली ने ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
निजी तस्वीरें और नंबर आपत्तिजनक साइट्स पर डालने का आरोप
अंजली राघव ने सुनवाई के दौरान एक और गंभीर आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि वीडियो वायरल करने वाले कुछ लोगों ने उनकी निजी तस्वीरें और मोबाइल नंबर आपत्तिजनक वेबसाइट्स पर अपलोड कर दिए. उनका कहना है कि इससे उनकी छवि को जानबूझकर नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई.
महिला आयोग का फैसला, पवन सिंह का नाम हटाया गया
इस पूरे मामले में पवन सिंह को बड़ी राहत मिली है. हरियाणा राज्य महिला आयोग ने आधिकारिक रूप से पवन सिंह का नाम इस केस से हटा दिया है. आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने बताया कि पवन सिंह द्वारा माफी मांगे जाने और अंजली द्वारा उसे स्वीकार किए जाने के बाद उनके खिलाफ चल रही कार्यवाही बंद कर दी गई है.

Pawan Singh Anjali Raghav controversy: हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष
अगली सुनवाई 6 अप्रैल को
एक ओर पवन सिंह को राहत मिली वहीं दूसरी ओर हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने कहा कि जो लोग सोशल मीडिया पर अंजली राघव के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे थे या वीडियो वायरल कर रहे थे, उनके नाम मामले में शामिल किए जाएं और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए. महिला आयोग ने इस मामले की अगली सुनवाई 6 अप्रैल को पंचकूला में तय की है. आयोग ने निर्देश दिए हैं कि जिन-जिन लोगों के नाम इस मामले में दर्ज किए गए हैं, उन्हें अगली सुनवाई में आयोग के सामने पेश होना होगा.
अंजली राघव का स्पष्ट रुख
अंजली राघव ने आयोग के सामने कहा कि उनकी मुख्य शिकायत पवन सिंह के खिलाफ नहीं थी. उनका कहना है कि उन्होंने पवन सिंह के खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं कराया, बल्कि उनकी शिकायत उन 2‑3 लोगों को लेकर थी जिन्होंने कथित तौर पर आपत्तिजनक वीडियो बनाए और उसे वायरल किया.
ईमेल के जरिए दी थी शिकायत, सबूत भी सौंपे थे
अंजली ने इससे पहले महिला आयोग को ईमेल के माध्यम से शिकायत भेजी थी. साथ ही कुछ अहम सबूत भी आयोग को सौंपे गए थे. इसी के आधार पर 2 अप्रैल को फरीदाबाद में सुनवाई रखी गई थी और दोनों पक्षों को समन भेजा गया था.
कैसे शुरू हुआ था यह विवाद?
यह मामला उस वक्त सामने आया था जब अंजली राघव ने आरोप लगाया था कि लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पवन सिंह ने उनके साथ अनुचित व्यवहार किया. अंजली का यह भी आरोप था कि इसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें बदनाम करने की कोशिश की गई और उनके खिलाफ झूठी व अपमानजनक पोस्ट वायरल की गईं.
यह भी पढ़ें : हरियाणा महिला आयोग ने पवन सिंह को नोटिस भेज किया तलब, को-स्टार अंजलि राघव की शिकायत पर कार्रवाई
यह भी पढ़ें : 3 अप्रैल को उज्जैन पहुंचेगा गुरकीरत सिंह का पार्थिव शरीर; कनाडा में हुई थी हत्या, सरकार से मांगी थी मदद
यह भी पढ़ें : लाडकी बहन योजना: ई‑केवाईसी न होने से 68 लाख खाते बंद, अब 30 अप्रैल तक करा लें ये काम
यह भी पढ़ें : धुरंधर टेपा सम्मेलन; उज्जैन में राकेश बेदी बने ‘मुख्य टेपा', हंसी और व्यंग्य के महाकुंभ में ठहाकों की गूंज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं