नोएडा में खुले नालों का खतरा एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ. सेक्टर-150 स्थित एक नाले में 58 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक तीन दिन से लापता था और परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में नाले में गिरने से उसकी मौत हुई.
जानकारी के अनुसार, नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के सेक्टर-150 में रविवार को एक नाले में शव पड़े होने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाया. मृतक की पहचान मोहम्मद इस्लाम (58) पुत्र अजीज के तौर पर हुई है. वह नोएडा के कोंडली गांव में रहता था और मूल रूप से संभल जिले के रजपुरा का निवासी था.
घर से शराब पीकर निकला, नाले में गिरा
पुलिस जांच में सामने आया है कि मोहम्मद इस्लाम सेक्टर-150 स्थित ACE सोसायटी में हाउसकीपिंग कर्मचारी के तौर पर काम करता था. परिजनों ने बताया कि वह शराब पीने का आदी था. करीब तीन दिन पहले वह घर से शराब पीने के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. शुरुआत में परिवार को लगा कि वह किसी रिश्तेदार के यहां चला गया होगा, लेकिन काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला.
रविवार को सेक्टर-150 के नाले में शव मिलने की खबर पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसकी पहचान की. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है.
मौत को लेकर साफ नहीं वजह
पुलिस के मुताबिक, मृतक के शरीर पर किसी तरह के चोट या संघर्ष के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं. शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि नशे की हालत में संतुलन बिगड़ने से वह खुले नाले में गिर गया होगा और डूबने से उसकी मौत हो गई. हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी.
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें: एकतरफा प्यार, अनबन और फिर रेत दिया गला...दिल्ली में महिला का ट्रायल रूम में मिला शव, आरोपी गिरफ्तार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं