देश की राजधानी दिल्ली और उससे सटे शहरों में साइबर ठगों ने नान बैंकिंग वित्त कंपनियों (एनबीएफसी) को भी निशाना बनाया है. पिछले तीन महीने में दिल्ली-एनसीआर की 12 एनबीएफसीकंपनियों से 65 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी की गई है.इनके अलावा देश के दूसरे शहरों में भी इसी तरह से एनबीएफसी को निशाना बनाया गया है. चौंकाने वाली बात यह है कि ठगों ने कंपनियों के सॉफ्टवेयर सिस्टम को हैक कर इन वारदातों को अंजाम दिया. साइबर ठगों ने इन एनबीएफसी के उन ग्राहकों को निशाना बनाया, जिनके लोन पास हो चुके थे, लेकिन उनके खाते में पैसा नहीं पहुंचा था. ठगों ने उन लोगों के लोन की रकम को दूसरे फर्जी बैंक खातों (म्यूल अकाउंट) में ट्रांसफर कर दिया.
कैसे सफल हुए साइबर ठग
दिल्ली पुलिस ने इन 12 मामलों में अब तक 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी ठगी की रकम हासिल करने के लिए फर्जी बैंक खाते खुलवाने या उनका इंतजाम करने में शामिल थे. पुलिस ने करीब 65 करोड़ रुपये की ठगी में से 18 करोड़ रुपये को समय रहते ट्रेस कर जब्त कर लिया. यह रकम कैश या क्रिप्टोकरेंसी में बदले जाने से पहले बरामद की गई.
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह ठगी बेहद तकनीकी तरीके से की जा रही थी. साइबर ठग सबसे पहले एनबीएफसी कंपनियों के ऐप या वेबसाइट के सॉफ्टवेयर सिस्टम में सेंध लगाते थे. इसके बाद उनके सिस्टम में मालवेयर डालकर वहां सात-आठ दिन तक निगरानी करते थे. इस दौरान ठग उन लोन की जानकारी जुटाते थे, जो मंजूर हो चुके थे, लेकिन अभी तक ग्राहकों को जारी नहीं किए गए थे.
इसके बाद ठग कंपनी के सिस्टम में इस तरह से कमांड भेजते थे कि लोन की रकम असली ग्राहक के खाते में जाने के बजाय किसी फर्जी बैंक खाते में ट्रांसफर हो जाती थी. खास बात यह थी कि ठग ऐसी तकनीक का इस्तेमाल कर रहे थे, जिससे कंपनी का फायरवॉल भी उनके कमांड को सामान्य ट्रांजैक्शन समझकर मंजूरी दे देता था.
साइबर ठगों ने कहां बनाया निशाना
पुलिस के मुताबिक, कई एनबीएफसी अपनी वेबसाइट और ऐप को चलाने के लिए अमेजन बेव सर्विस जैसे क्लाउड प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करती हैं. इन कंपनियों के सिस्टम में कुछ आईपी एड्रेस को पहले से सुरक्षित यानी व्हाइटलिस्ट किया जाता है. ठग इसी तकनीकी खामी का फायदा उठाते थे. वे भी क्लाउड सर्वर पर अकाउंट बनाकर ऐसे आईपी एड्रेस का इस्तेमाल करते थे, जिन्हें कंपनी का फायरवॉल पहले से भरोसेमंद मानता था. इसके बाद वे सिस्टम को कमांड भेजकर लोन की रकम अपने म्यूल अकाउंट में ट्रांसफर करवा लेते थे.
इस मामले में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल भी सामने आया है. दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, अक्टूबर में एक एनबीएफसी से करीब तीन करोड़ रुपये की ठगी के मामले की जांच में चीनी AI प्लेटफॉर्म CyberStrikeAI के इस्तेमाल के संकेत मिले हैं. आरोपियों ने इस प्लेटफॉर्म की मदद से कमांड स्क्रिप्ट भेजकर कंपनी के सिस्टम को निशाना बनाया था.
दिल्ली पुलिस के डीसीपी (आईएफएसओ) गौरव त्यागी ने बताया कि इन मामलों में एआई के इस्तेमाल के संकेत मिले हैं. ज्यादातर घटनाओं की वजह एनबीएफसी कंपनियों के पब्लिक-फेसिंग साइबर सिस्टम में मौजूद कमजोरियां हैं. वहीं, एडिशनल सीपी (आईएफएसओ) संजय भाटिया ने सभी एनबीएफसी कंपनियों, खासकर छोटी कंपनियों को अपने साइबर सिक्योरिटी सिस्टम को मजबूत करने, नियमित ऑडिट कराने और दिल्ली पुलिस व CERT-In की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी है.
किस कंपनी को कितना हुआ नुकसान
दिल्ली में सामने आए शुरुआती और बड़े मामलों में से एक हीरो फिनकॉर्प का है. 17 अगस्त को कंपनी के सिस्टम को निशाना बनाकर 317 से ज्यादा ट्रांजैक्शन के जरिए करीब 12 करोड़ रुपये निकाल लिए गए. इस ठगी में कम से कम 165 अलग-अलग IP एड्रेस का इस्तेमाल किया गया था. इसके अलावा सितंबर से नवंबर के बीच कई दूसरी एनबीएफसी को भी निशाना बनाया गया. एक कंपनी से 2.75 करोड़ रुपये, दूसरी से 3.84 करोड़ रुपये और एक अन्य कंपनी से 10.59 करोड़ रुपये की ठगी की गई. नौ अक्टूबर को एक एनबीएफसी ने 10.52 करोड़ रुपये की ठगी की शिकायत दर्ज कराई. वहीं, 21 अक्टूबर को यूनिफिंज प्राइवेट लिमिटेड ने दो दिन में 550 ट्रांजैक्शन के जरिए 12.49 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप लगाया.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इन 12 मामलों के अलावा देशभर में एनबीएफसी की तरफ से 150 से ज्यादा शिकायतें दर्ज कराई गई हैं. इन मामलों में कुल 300 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी हुई है. पुलिस का कहना है कि छोटी एनबीएफसी में साइबर सुरक्षा की कमजोरियां और लोन ट्रांजेक्शन का नियमित मिलान करने में देरी ठगों के लिए बड़ा मौका बन रही है. कई कंपनियों को एक या दो हफ्ते बाद पता चलता है कि मंजूर लोन की रकम असली ग्राहक तक पहुंची ही नहीं, बल्कि किसी दूसरे खाते में चली गई. तब तक ठग रकम निकाल चुके होते हैं.
ये भी पढ़ें: SC-ST आरक्षित सीटों का रोटेशन कब और कैसे होगा, यह सरकार तय करेगी: सुप्रीम कोर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं