- दिल्ली में 17 साल के किशोर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है.
- रेलवे ट्रैक पर रील बनाने के विवाद में किशोर की तीन नाबालिगों ने हत्या कर दी.
- घटना के बाद तीन नाबालिगों को पुलिस ने पकड़ा है. मामले की जांच की जा रही है.
दिल्ली के नांगलोई और मंगोलपुरी रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर रील बनाने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया. आरोप है कि तीन लड़कों ने 17 साल के किशोर पर चाकू से हमला कर दिया, गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई. रेलवे पुलिस ने इस मामले को करीब 8 घंटे के भीतर सुलझाते हुए तीन नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया है.
दिल्ली में रील बनाने पर हुआ विवाद
घटना 20 अगस्त 2026 की शाम करीब 6 बजे की है. पुलिस के मुताबिक पीड़ित अपने दोस्तों के साथ राज पार्क इंडस्ट्रियल एरिया में नांगलोई और मंगोलपुरी रेलवे स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक के पास रील बना रहा था. उसके साथ एक और नाबालिग और मुन्ना गुप्ता नाम का युवक भी मौजूद था. इसी दौरान करीब 17 से 20 साल की उम्र के तीन लड़के वहां पहुंचे. आरोप है कि उन्होंने रील बना रहे लड़कों की गतिविधि में दखल देना शुरू कर दिया. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया. पुलिस के मुताबिक, झगड़े के दौरान एक आरोपी ने पीड़ित को पकड़ लिया, जबकि दूसरे आरोपी ने अपने साथी को चाकू दिया. इसके बाद आरोपी ने किशोर के पेट में चाकू से वार कर दिया. हमले के बाद तीनों आरोपी मौके से भागकर नांगलोई रेलवे स्टेशन की तरफ चले गए.
थाना सराय रोहिल्ला में FIR दर्ज
चाकू लगने के बाद किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया, उसके साथ मौजूद मुन्ना गुप्ता और उसके दोस्त ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. लेकिन घायल बयान देने की स्थिति में नहीं था. गंभीर हालत में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मामले की शुरुआती जानकारी और चश्मदीदों से पूछताछ के आधार पर थाना सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन में FIR दर्ज की गई है. पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाया और इसके बाद शव उसके पिता को सौंप दिया था.
ये भी पढ़ेंः 5 करोड़ रुपये का जुर्माना रद्द; यमुना फ्लडप्लेन मामले में आर्ट ऑफ लिविंग को 'सुप्रीम' राहत, DDA लौटाएगा पैसा
CCTV से मिला सुराग
हत्या के बाद रेलवे पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए तेजी से जांच शुरू की थी. पुलिस टीम ने रेलवे ट्रैक, आसपास के इलाकों और रेलवे स्टेशनों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. इसके साथ ही चश्मदीदों से पूछताछ की गई और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने के साथ तकनीकी निगरानी की मदद ली गई थी. जांच के दौरान पुलिस की कोशिश आरोपियों की पहचान करने के साथ-साथ वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद करने की भी थी. लगातार किए गए प्रयासों और आउटर जिले के राज पार्क थाने के SHO और पुलिस टीम के सहयोग से तीनों संदिग्धों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया गया.
ऑनलाइन खरीदा था चाकू
रेलवे पुलिस ने मामले में तीन नाबालिगों को गिरफ्तार किया है. जांच के दौरान आरोपियों के वारदात के समय पहने हुए कपड़े बरामद किए गए हैं. इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है. पुलिस के मुताबिक यह चाकू आरोपियों ने ऑनलाइन खरीदा था और उनकी निशानदेही पर इसे बरामद किया गया. रेलवे पुलिस का कहना है कि मामले को करीब 8 घंटे में सुलझाने में CCTV फुटेज का विश्लेषण, तकनीकी निगरानी, चश्मदीदों से पूछताछ और पुलिस टीमों के बीच बेहतर तालमेल काफी अहम रहा. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की शुरुआत आखिर किस बात को लेकर हुई थी और वारदात में तीनों आरोपियों की भूमिका क्या-क्या थी. पुलिस के मुताबिक मामले की जांच अभी जारी है और पूरी घटना का क्रम स्पष्ट करने के लिए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है.
ये भी पढ़ेंः टॉप कंपनी का इंजीनियर, 60 लाख पैकेज; मामूली विवाद में ससुरालियों ने पीट-पीटकर मार डाला, CCTV ने खोले राज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं