विज्ञापन

शुभेंदु के PA की हत्या मामले में 1 करोड़ की सुपारी देने का शक, क्राइम स्पॉट से CBI को क्या कुछ मिला

पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले में CBI ने जांच तेज कर दी है. घटनास्थल का दौरा करने के बाद एजेंसी को शक है कि यह करीब 1 करोड़ रुपये से ज्यादा की सुनियोजित सुपारी किलिंग हो सकती है.

शुभेंदु के PA की हत्या मामले में 1 करोड़ की सुपारी देने का शक, क्राइम स्पॉट से CBI को क्या कुछ मिला
  • पश्चिम बंगाल सीएम शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की हत्या की जांच में CBI की SIT और फॉरेंसिक टीम सक्रिय
  • हत्या को एक सुनियोजित कॉन्ट्रैक्ट किलिंग माना जा रहा है जिसमें एक करोड़ रुपये से अधिक खर्च हुए हो सकते हैं
  • CBI ने राज्य पुलिस से केस अपने हाथ में लेकर सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की मदद से सबूत जुटाए हैं

पश्चिम बंगाल सीएम शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले में जांच तेज हो गई है. CBI की SIT और फॉरेंसिक टीम ने मंगलवार को नॉर्थ 24 परगना के मध्यमग्राम में क्राइम स्पॉट का दौरा कर सबूत जुटाए, जहां इस हत्या को सुनियोजित कॉन्ट्रैक्ट किलिंग माना जा रहा है. CBI की विशेष जांच टीम (SIT), जिसमें फॉरेंसिक विशेषज्ञ भी शामिल थे. वो मंगलवार को नॉर्थ 24 परगना जिले के मर्डर स्पॉट पर पहुंची. टीम का नेतृत्व DIG पंकज कुमार सिंह कर रहे थे. जिन्होंने घटनास्थल पर कई घंटे बिताकर घटनाक्रम को समझने और पहले जुटाए गए सबूतों की समीक्षा की.

1 करोड़ से ज्यादा खर्च कर रची गई साजिश

इस मामले में जांच एजेंसियों को शक है कि 6 मई को मध्यमग्राम में रथ की हत्या एक बेहद सुनियोजित ‘सुपारी किलिंग' केस है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस हत्या को अंजाम देने में 1 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किए गए हो सकते हैं. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल दो हथियारों में से एक की कीमत ही अवैध बाजार में 10 लाख रुपये से ज्यादा हो सकती है.

ये भी पढ़ें : CM शुवेंदु अधिकारी के PA की हत्या के वक्त कहां था आरोपी राज सिंह ? बहन ने जारी किया CCTV

CBI ने संभाली जांच, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत

पश्चिम बंगाल सरकार के अनुरोध पर CBI ने यह मामला राज्य पुलिस से अपने हाथ में ले लिया और FIR दर्ज की. कोलकाता की सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (CFSL) की टीम ने मौके से खून के नमूने और अन्य वैज्ञानिक सबूत जुटाए. इलाके में मंगलवार को भी भारी पुलिस की तैनाती रही और लोगों को कई सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ा.

हत्या की साजिश में बड़े नेटवर्क का शक

जांचकर्ताओं का मानना है कि इस मर्डर में शूटर्स की हायरिंग, इलाके की रेकी करने और भागने के लिए गाड़ियों की व्यवस्था करने जैसे कामों में भारी रकम खर्च हुई है. यही वजह है कि इसे बड़े स्तर की खतरनाक साजिश माना जा रहा है. अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि इतनी बड़ी रकम किसने लगाई और इसके पीछे मंसूबा क्या था.

इंटरस्टेट कनेक्शन और कई आरोपियों की भूमिका

CBI और फॉरेंसिक टीम अब बैलिस्टिक एविडेंस और अन्य सामग्री का विश्लेषण कर रही है. जांच में अंतरराज्यीय अपराधियों की भूमिका का भी शक जताया जा रहा है. पुलिस के मुताबिक इस हत्याकांड में कम से कम 8 लोगों के शामिल होने की आशंका है. UP और बिहार से तीन आरोपियों मयंक राज मिश्रा, विक्की मौर्य और राज सिंह को गिरफ्तार किया जा चुका है. पूछताछ में आरोपी लगातार बयान बदल रहे हैं और अदालत ने उन्हें 24 मई तक 13 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है.

ये भी पढ़ें : शुभेंदु PA मर्डर केस से फिर सामने आया बिहार-बंगाल का क्राइम नेक्सस, आर्म्स सप्लाई, शूटर, ठिकाने दोनों तरफ सेट

कैसे हुई हत्या, अब भी कई सवाल बाकी

6 मई की रात मध्यमग्राम के दोहेरिया लेन में चंद्रनाथ रथ की SUV को एक सिल्वर कार ने रोका, जिसके बाद दोपहिया सवार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. हमलावर मौके से लाल कार और मोटरसाइकिल से फरार हो गए, बाद में दो बाइक बरामद हुईं. सभी वाहनों के नंबर प्लेट फर्जी पाए गए और इंजन-चेसिस नंबर से छेड़छाड़ की गई थी. फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि रथ की मूवमेंट की सटीक जानकारी आरोपियों को कैसे मिली, साजिश के पीछे मास्टरमाइंड कौन है और हत्या का असली मकसद क्या था.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Suvendu Adhikari Aide Murder, Chandranath Rath Murder Case, CBI Investigation, Rs 1 Crore Contract Killing, West Bengal Murder Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com