मुंबई के घाटकोपर इलाके में रविवार को अज्ञात व्यक्तियों ने धारदार हथियारों से वार कर 20 वर्षीय नवविवाहिता की हत्या कर दी. पिछले दो दिनों में ऐसी यह दूसरी घटना है. एक अधिकारी ने बताया कि नारायणनगर में एल.बी.एस मार्ग के फुटपाथ पर मीनाक्षी चौरसिया नामक एक महिला खून से लथपथ मिली. उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. अधिकारी ने बताया कि चौरसिया की कुछ महीने पहले शादी हुई थी और वह जल्द ही मां बनने वाली थी.
अधिकारी के अनुसार इस वारदात के सिलसिले में भादंसं की धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया गया है और हत्यारों को ढूंढा जा रहा है. पुलिस चौरसिया के परिवार के सदस्यों एवं रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है. शनिवार को इसी इलाके में असल्फा गांव में अश्विन कुमार दुबे (25) की हत्या कर दी गयी थी और उस मामले में दो लोग गिरफ्तार किये गये हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं