आमतौर पर विदेशी दौरों पर खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए बीसीसीआई नेट गेंदबाज उपलब्ध कराता है, लेकिन इस बार गिल ने निजी स्तर पर यह व्यवस्था की है. उनके साथ जाने वाले गेंदबाज मुख्य रूप से उनकी बल्लेबाजी अभ्यास का हिस्सा होंगे. पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई के एक अधिकारी ने बताया कि शुभमन गिल 'इंडिया ए' के मैच नहीं खेलेंगे क्योंकि वह वनडे सीरीज का भी हिस्सा हैं.
अधिकारी के अनुसार गिल 23 या 24 अक्टूबर को न्यूजीलैंड पहुंचेंगे और उनके साथ जाने वाले नेट गेंदबाजों का खर्च भी वही देंगे. इस साल इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में गिल ने 754 रन बनाए थे. अब अगला दौरा न्यूजीलैंड का है, जहां हालात भारत से बिल्कुल अलग रहते हैं. इसलिए गिल वहां कुछ दिन पहले पहुंचकर अभ्यास करना चाहते हैं.
'इंडिया ए' मुकाबलों में शामिल नहीं होने के कारण उनके पास मैच जैसी परिस्थितियों में बल्लेबाजी का ज्यादा मौका नहीं होगा. यही कारण है कि उन्होंने निजी नेट गेंदबाजों की व्यवस्था की है.
26 वर्षीय गिल निजी कारणों से पंजाब का पहला रणजी ट्रॉफी मैच नहीं खेल पाए थे. हालांकि 18 अक्टूबर से मुल्लांपुर में छत्तीसगढ़ के खिलाफ होने वाले मुकाबले में उनके खेलने की उम्मीद है. न्यूजीलैंड रवाना होने से पहले यह मैच उन्हें लाल गेंद के साथ समय बिताने का मौका देगा.
न्यूजीलैंड दौरे पर भारतीय टीम की कमान गिल के हाथों में होगी. बल्लेबाजी और कप्तानी, दोनों मोर्चों पर उनकी भूमिका अहम रहने वाली है.
भारत की टेस्ट टीम: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर)*, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जड़ेजा, अंशुल कंबोज, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, साई सुदर्शन, नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं