विज्ञापन

श्रेयस के पास इतिहास रचने का मौका, गिल की गैरमौजूदगी में संभालेंगे कमान, सीरीज पर कब्जे के इरादे से उतरेगा भारत

शुभमन गिल की अनुपस्थिति में श्रेयस अय्यर पहली बार वनडे में भारत की कप्तानी करेंगे. न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे में भारतीय टीम की नजर सीरीज में अजेय बढ़त पर होगी. दोनों टीमों में कई बदलाव हुए हैं और युवा खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का बड़ा मौका होगा.

श्रेयस के पास इतिहास रचने का मौका, गिल की गैरमौजूदगी में संभालेंगे कमान, सीरीज पर कब्जे के इरादे से उतरेगा भारत
श्रेयस अय्यर

नियमित कप्तान शुभमन गिल की अनुपस्थिति में कमान संभालने वाले श्रेयस अय्यर न्यूजीलैंड के खिलाफ शुक्रवार को यहां होने वाले चौथे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में इस प्रारूप में कप्तानी के अपने पदार्पण पर विशेष छाप छोड़ना चाहेंगे जिसमें भारतीय टीम की निगाह श्रृंखला में अजेय बढ़त हासिल करने पर होगी. भारत पांच मैचों की श्रृंखला में अभी 2-0 से आगे है और टीम में कुछ बदलाव के बावजूद वह जीत का प्रबल दावेदार है. तीसरा मैच बारिश की भेंट चढ़ जाने के बाद अब न्यूजीलैंड के पास केवल श्रृंखला बराबर करने का मौका है और वह इसके लिए अपनी तरफ से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करेगा.

गिल 19 नवंबर से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैच की श्रृंखला की तैयारी के लिए टीम से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह अय्यर भारत की कप्तानी करेंगे जो पहले दो मैच में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए थे. शॉर्ट पिच गेंदों के सामने उनकी कमजोरी खुलकर उजागर हो गई हैं. केएल राहुल और अंशुल कंबोज भी टेस्ट श्रृंखला की तैयारी के लिए टेस्ट टीम से जुड़ गए हैं.

इन खिलाड़ियों की अनुपस्थिति में ऋतुराज गायकवाड़, ईशान किशन और सीनियर तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को मौका मिलना तय है. यह देखना दिलचस्प होगा कि गिल की अनुपस्थिति में रोहित शर्मा के साथ पारी का आगाज कौन करता है. भारत के पास ईशान किशन और गायकवाड़ के रूप में दो विकल्प हैं. गायकवाड़ ने अपनी पिछली पांच वनडे पारियों में मध्य क्रम में बल्लेबाजी की है.

अनुभवी रोहित इस दौरे की अपनी पहली बड़ी पारी खेलने के लिए प्रतिबद्ध होंगे क्योंकि पहले मैच में वह खाता भी नहीं खोल पाए थे जबकि दूसरे मैच में उन्होंने 30 रन बनाए. चोट के कारण टी20 श्रृंखला के कुछ मैच में नहीं खेल पाने वाले किशन भी अपना जलवा दिखाने के लिए प्रतिबद्ध होंगे.

किशन पारी की शुरुआत करने के प्रबल दावेदार हैं, क्योंकि उन्होंने चार साल पहले सलामी बल्लेबाज के रूप में दोहरा शतक लगाया था. राहुल की अनुपस्थिति में उन्हें विकेटकीपर की जिम्मेदारी भी निभानी होगी. 

अगर गायकवाड़ मध्य क्रम में बल्लेबाजी करना जारी रखते हैं, तो वह इस अवसर का पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेंगे. उन्होंने अपनी पिछली चार वनडे पारियों में एक शतक और एक अर्धशतक बनाया है, जिससे वह एक आदर्श विकल्प बन गए हैं.

गेंदबाजी विभाग में कंबोज की जगह सिराज को मिलने की संभावना है. पिछले तीन महीनों में सिराज का प्रदर्शन खास अच्छा नहीं रहा है, लेकिन पिछले सप्ताह भारत ए की तरफ से खेलते हुए चार विकेट लेने से उनका आत्मविश्वास बढ़ा होगा.

दूसरे वनडे में अच्छा प्रदर्शन करने वाले आकिब नबी और अर्शदीप सिंह अंतिम एकादश में बने रहेंगे. न्यूजीलैंड के टॉम लैथम, डैरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, नाथन स्मिथ और हेनरी निकोल्स जैसे खिलाड़ी भी इस मैच में नहीं खेल पाएंगे क्योंकि वह टेस्ट श्रृंखला की तैयारी पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं.

विकेटकीपर बल्लेबाज टिम सीफर्ट ने दोनों टीम में किए गए बदलाव के संदर्भ में कहा, 'जो भी खिलाड़ी उनकी जगह लेगा वह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करेगा. हमारे साथ भी ऐसा ही है.'

भारत की तरह न्यूजीलैंड की कोचिंग स्टाफ की कुछ सदस्य भी टेस्ट टीम से जुड़ गए हैं जिससे इस श्रृंखला की व्यस्त कार्यक्रम का पता चलता है. वनडे में नियमित रूप से नहीं खेलने वाले सीफर्ट पर अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव होगा.

न्यूजीलैंड ने अब तक अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेलने वाले ब्रेट रैंडेल को टीम में शामिल किया है, जिन्होंने घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है.

न्यूजीलैंड अपनी घरेलू धरती पर भारत से सात साल पहले वनडे श्रृंखला में हारा था और उसे इसकी पुनरावृत्ति से बचने के लिए बाकी बचे दोनों मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा.

दोनों टीमें इस प्रकार हैं 

न्यूजीलैंड: मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रैसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मिच हे (विकेटकीपर), मैट हेनरी, काइल जैमीसन, निक केली, ब्रेट रैंडेल, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर) और विल यंग. 

भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, तिलक वर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर, उप कप्तान), अक्षर पटेल, नमन धीर, औकिब नबी, गुरनूर बराड़, रुतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, यश ठाकुर और कुलदीप यादव. 

मैच भारतीय समयानुसार सुबह 7:30 बजे शुरू होगा. 

यह भी पढ़ें- रोहित-ईशान ओपनर, ऋतुराज नंबर-5, नबी नंबर-8, चौथे वनडे के लिए आकाश चोपड़ा ने चुनी भारतीय प्लेइंग XI

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, New Zealand, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com