विज्ञापन
This Article is From Dec 27, 2011

टेस्ट में अर्धशतकों के बादशाह बने सचिन

अपना 185वां टेस्ट खेल रहे तेंदुलकर ने ऑस्ट्रेलिया के एलन बोर्डर को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 156 टेस्ट मैच के करियर में 63 अर्धशतक जमाए थे।
मेलबर्न:

रिकॉर्डों के बादशाह सचिन तेंदुलकर केवल 27 रन से अपने बहुप्रतीक्षित महाशतक से चूक गए, लेकिन इसके साथ ही वह टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक अर्धशतक बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए। अपना 185वां टेस्ट मैच खेल रहे तेंदुलकर ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान एलन बोर्डर को पीछे छोड़ा, जिन्होंने अपने 156 टेस्ट मैच के करियर में 63 अर्धशतक जमाए थे। राहुल द्रविड़ के नाम पर भी अब 63 अर्धशतक दर्ज हैं, लेकिन वह अभी 68 रन बनाकर खेल रहे हैं और उनके पास इसे शतक में तब्दील करने का मौका है। अब तक टेस्ट मैचों में 51 और वनडे में 48 शतक लगा चुके तेंदुलकर को पिछले 10 महीने से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100वें शतक का इंतजार है। इसके बाद वह आठ टेस्ट मैच की 14 पारियां और चार एकदिवसीय मैच खेल चुके हैं, लेकिन उनमें तिहरे अंक में पहुंचने में नाकाम रहे। इस बीच तेंदुलकर ने सात अर्धशतक जमाए। वह दो बार 90 रन के पार भी पहुंचे, लेकिन शतक का इंतजार समाप्त नहीं कर पाए। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ ओवल में 91 और वेस्टइंडीज के खिलाफ मुंबई में 94 रन बनाए थे। मेलबर्न टेस्ट की पहली पारी में तेंदुलकर जिस तरह से बल्लेबाजी कर रहे थे, उससे लग रहा था कि वह शतक का इंतजार खत्म कर देंगे, लेकिन दिन के अंतिम ओवर में पीटर सिडल की अंदर आती गेंद पर उनका ऑफ स्टंप उखड़ गया। इसके साथ ही शतक के इंतजार में उनके नाम पर एक पारी और जुड़ गई। यह संख्या अब 18 पारियों पर पहुंच गई है।

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
क्रिकेट, सचिन तेंदुलकर, सर्वाधिक अर्धशतक, एलन बोर्डर
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com