विज्ञापन

'न्यूजीलैंड दिखती कमजोर है, मगर खेलती बेहतर है', रचिन रविंद्र ने भरी हुंकार, कहा- वेलिंगटन की हवाओं से वाकिफ हूं

रचिन रविंद्र का मानना है कि घरेलू पिचों पर शुरुआती मदद तेज गेंदबाजों को मिलती है, लेकिन समय के साथ बल्लेबाजी आसान हो जाती है.

'न्यूजीलैंड दिखती कमजोर है, मगर खेलती बेहतर है', रचिन रविंद्र ने भरी हुंकार, कहा- वेलिंगटन की हवाओं से वाकिफ हूं
रचिन रविंद्र
AFP

न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर रचिन रविंद्र का मानना है कि यहां की पिचों पर शुरू में घास दिख सकती है और उससे तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है लेकिन मैच आगे बढ़ने के साथ परिस्थितियां बल्लेबाजी के लिए अधिक अनुकूल होती जाती हैं. कंधे की हड्डी खिसकने के बाद वापसी कर रहे रविंद्र का मानना ​​है कि न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है लेकिन अगर बल्लेबाज क्रीज पर कदम जमा लें और अपनी रणनीति पर अच्छी तरह से अमल करें तो वह बड़ा स्कोर बना सकते हैं. 

रविंद्र ने गुरुवार से शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच से पूर्व कहा, 'लोग अक्सर कहते हैं कि टेस्ट क्रिकेट में न्यूजीलैंड की टीम देखने में जितनी कमजोर लगती है, उससे कहीं बेहतर खेलती है. मुझे लगता है कि पिच पर घास होने से हम यह सोचने के लिए मजबूर हो जाते हैं कि गेंद कैसी रहेगी? क्या वह स्विंग करेगी, उछाल देगी या सीम करेगी? लेकिन यह आम टेस्ट विकेट होता है.'

उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि नई गेंद हमेशा ऐसा रवैया अपनाती है. हमने यहां लिए पिछले कुछ वर्षों में अच्छे स्कोर बनते हुए देखे हैं और शानदार क्रिकेट देखी है. इसलिए मुझे उम्मीद है कि यह हमेशा की तरह अच्छा विकेट होगा.'

रविंद्र ने कहा, 'इस विकेट पर अच्छी उछाल होती है. यह न्यूजीलैंड में होने वाले टेस्ट मैच हैं. यहां हमेशा तेज गेंदबाजों का दबदबा रहेगा और स्पिनरों का भी थोड़ा-बहुत मदद मिलेगी.'

यह 26 वर्षीय खिलाड़ी कंधे की हड्डी खिसकने के बाद आठ सप्ताह तक बाहर रहने के बाद वापसी कर रहा है. उन्होंने कहा कि मैदान पर वापसी करके उन्हें अच्छा लग रहा है.

रविंद्र ने कहा, 'टीवी पर खिलाड़ियों को खेलते हुए देखकर हमेशा थोड़ा कुछ छूट जाने का डर लगता है. मन करता है कि काश मैं भी वहां होता. मैं बेहद उत्साहित हूं, खासकर वेलिंगटन में. तीन महीने बाद अपने घरेलू मैदान पर पहला मैच खेलना हमेशा अच्छा लगता है.'

रविंद्र ने कहा कि डॉक्टरों, फिजियोथेरेपिस्टों और स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच की मदद से उनकी चोट से उबरने की प्रक्रिया अच्छी तरह से चली है और पिछले तीन से चार सप्ताह तक उन्होंने बल्लेबाजी का भी काफी अभ्यास किया है.

स्थानीय खिलाड़ी होने के कारण रविंद्र बेसिन रिजर्व में चलने वाली तेज हवाओं के कारण पैदा होने वाली चुनौतियों से भी अच्छी तरह परिचित हैं.

उन्होंने कहा, 'यह परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाने से जुड़ा है. इसके लिए आपको अपने स्टांस में बदलाव करना पड़ सकता है. हम भाग्यशाली हैं कि हमें इसकी आदत हो गई है. मैंने यहां काफी क्रिकेट खेली है और यहां की हवा हमारे लिए जानी पहचानी है. कुछ दिक्कतें हो सकती हैं लेकिन मुझे नहीं लगता कि यह बहुत बड़ी समस्या होगी.'

भारत के खिलाफ दो मैचों के बाद न्यूजीलैंड अगले महीने चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिए ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगा और रविंद्र का मानना है कि भारत के खिलाफ श्रृंखला में अच्छे प्रदर्शन से टीम का आत्मविश्वास बढ़ेगा. इस ऑलराउंडर ने सीमित ओवरों की श्रृंखला में अच्छे प्रदर्शन के लिए भारत की तारीफ भी की. 

उन्होंने कहा, 'हम सभी जानते हैं कि भारत मजबूत टीम है. हम जानते थे कि मुकाबला खड़ा होगा. हम श्रृंखला जीतना चाहते थे लेकिन भारत को श्रेय देना होगा. उन्होंने विशेषकर वनडे श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन किया.'

यह भी पढ़ें- RCB Retention List: आरसीबी का भविष्य तय करेंगे ये 3 युवा खिलाड़ी! रिटेंशन से पहले बढ़ा सस्पेंस

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
New Zealand, India, Rachin Ravindra, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com