
Most Century by Indian Players in England: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की रोमांचक टेस्ट सीरीज की शुरुआत 20 जून से होने जा रही है. यह मुकाबला इंग्लैंड के ऐतिहासिक हेडिंग्ले (लीड्स) मैदान में खेला जाएगा और इसी के साथ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के नए चक्र का भी आगाज़ होगा. अब तक इंग्लैंड की धरती पर कुल 28 भारतीय बल्लेबाज़ टेस्ट क्रिकेट में शतक जमा चुके हैं. हालांकि यह जानकर हैरानी हो सकती है कि इस लिस्ट में सबसे ऊपर ना तो सचिन तेंदुलकर हैं और ना ही विराट कोहली, बल्कि सबसे आगे हैं 'द वॉल' के नाम से मशहूर राहुल द्रविड़.
द्रविड़ ने इंग्लैंड में खेले 13 टेस्ट मैचों की 23 पारियों में 68.80 की शानदार औसत से 1376 रन बनाए, जिसमें 6 शतक और 4 अर्धशतक शामिल हैं. खास बात यह है कि 2011 में अपने अंतिम इंग्लैंड दौरे पर उन्होंने लगातार तीन शतक ठोके थे.
इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर, जिन्होंने 17 मैचों की 30 पारियों में 1575 रन बनाए. सचिन के नाम इंग्लैंड में 4 शतक और 8 अर्धशतक दर्ज हैं. वहीं, पूर्व दिग्गज बल्लेबाज़ दिलीप वेंगसरकर भी इस सूची में शामिल हैं, जिन्होंने इंग्लैंड में चार शतक जमाए हैं. दिलचस्प बात यह भी है कि इस सूची में दो पूर्व गेंदबाज़ अजीत अगरकर और अनिल कुंबले भी शतकवीरों में गिने जाते हैं. अगरकर ने 2002 में लॉर्ड्स में नाबाद 109 रन बनाए थे, जबकि कुंबले ने 2007 में ओवल में नाबाद 110 रन की यादगार पारी खेली थी.
वर्तमान खिलाड़ियों की बात करें तो ऋषभ पंत, केएल राहुल, रवींद्र जडेजा, अजिंक्य रहाणे और चेतेश्वर पुजारा इस सूची में शतक लगाने वाले एक्टिव बल्लेबाज़ों में शामिल हैं. हालांकि, पुजारा और रहाणे इस बार भारतीय टीम का हिस्सा नहीं हैं. अब देखना यह होगा कि इस बार कौन सा भारतीय बल्लेबाज़ इंग्लैंड की पिचों पर नया इतिहास रचता है.
🏏 इंग्लैंड में टेस्ट शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज़
बल्लेबाज | मैच | पारियां | रन | औसत | शतक | अर्धशतक |
---|---|---|---|---|---|---|
राहुल द्रविड़ | 13 | 23 | 1376 | 68.80 | 6 | 4 |
सचिन तेंदुलकर | 17 | 30 | 1575 | 54.31 | 4 | 8 |
दिलीप वेंगसरकर | 13 | 23 | 960 | 48.00 | 4 | 4 |
सौरव गांगुली | 9 | 15 | 915 | 65.35 | 3 | 5 |
मोहम्मद अजहरुद्दीन | 9 | 16 | 625 | 41.66 | 2 | 2 |
सुनील गावस्कर | 16 | 28 | 1152 | 41.14 | 2 | 8 |
विराट कोहली | 17 | 33 | 1096 | 33.21 | 2 | 5 |
विजय मर्चेंट | 6 | 11 | 527 | 47.90 | 2 | 2 |
ऋषभ पंत | 9 | 17 | 556 | 32.70 | 2 | 2 |
केएल राहुल | 9 | 18 | 614 | 34.11 | 2 | 1 |
रवि शास्त्री | 9 | 16 | 503 | 33.53 | 2 | 1 |
अजीत आगरकर | 4 | 6 | 210 | 42.00 | 1 | 0 |
अब्बास अली बेग | 2 | 4 | 165 | 41.25 | 1 | 0 |
रवींद्र जडेजा | 12 | 23 | 642 | 29.18 | 1 | 3 |
कपिल देव | 13 | 20 | 638 | 35.44 | 1 | 4 |
अनिल कुंबले | 10 | 14 | 222 | 18.50 | 1 | 0 |
विजय मांजरेकर | 6 | 11 | 296 | 26.90 | 1 | 1 |
वीनू मांकड़ | 6 | 10 | 395 | 39.50 | 1 | 2 |
मुश्ताक अली | 5 | 9 | 308 | 34.22 | 1 | 2 |
मंसूर अली पटौदी | 3 | 6 | 269 | 44.83 | 1 | 1 |
संदीप पाटिल | 2 | 2 | 191 | 191.00 | 1 | 1 |
चेतेश्वर पुजारा | 16 | 32 | 870 | 29.00 | 1 | 5 |
अजिंक्य रहाणे | 16 | 31 | 864 | 28.80 | 1 | 6 |
वीरेंद्र सहवाग | 6 | 10 | 278 | 27.80 | 1 | 1 |
रोहित शर्मा | 7 | 14 | 524 | 40.30 | 1 | 2 |
पॉली उमरीगर | 8 | 15 | 273 | 18.20 | 1 | 0 |
मुरली विजय | 7 | 14 | 428 | 30.57 | 1 | 2 |
गुंडप्पा विश्वनाथ | 13 | 24 | 858 | 39.00 | 1 |
इंग्लैंड श्रृंखला के लिए भारत की टेस्ट टीम: शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, अभिमन्यु ईश्वरन, करुण नायर, नितीश रेड्डी, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, वाशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव.
भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए इंग्लैंड की टीम: शोएब बशीर, जैकब बेथेल, हैरी ब्रुक, ब्रायडन कार्स, सैम कुक, जैक क्रॉली, बेन डकेट, जेमी ओवरटन, ओली पोप, जो रूट, जेमी स्मिथ (विकेट कीपर), बेन स्टोक्स (कप्तान), जोश टंग, क्रिस वोक्स.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं