पाकिस्तान के बल्लेबाज हसन नवाज ने बुधवार को कहा कि भारत के खिलाफ एशियाई खेलों के गोल्ड मेडल मुकाबले में मिली हार का दर्द अब भी उन्हें परेशान करता है और जापान में खेले गए फाइनल में टीम को ‘छोटी-छोटी गलतियों' की कीमत चुकानी पड़ी. भारत ने पिछले सप्ताह पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में पाकिस्तान को 19 रन से हराकर एशियाई खेलों का स्वर्ण पदक जीता था.
हसन नवाज को भारत से मिली हार ने तोड़ा
खिताबी मुकाबले में 96 रन बनाने वाले नवाज ने मीडिया से कहा, 'फाइनल नहीं जीत पाने से मैं अब भी निराश और दुखी हूं. हमने छोटी-छोटी गलतियां कीं और इसकी कीमत चुकाई' नवाज ने कहा कि दुनिया की नंबर एक टीम भारत के खिलाफ खेलना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है.
फाइनल हारना बना निराशा का कारण
उन्होंने कहा, 'मैं अपने रनों से संतुष्ट हूं लेकिन फाइनल हारना निराशाजनक था क्योंकि मुझे वास्तव में विश्वास था कि हम मैच जीत सकते हैं. मैं रणनीति के मुताबिक बल्लेबाजी कर रहा था और मुझे पता था कि अंत में उनके पास एक गेंदबाज कम होगा क्योंकि बुमराह का सिर्फ एक ओवर बाकी था. लेकिन मुझे लगता है कि लक्ष्य का पीछा करते हुए हमने कुछ गलतियां कीं और मैच गंवा दिया.'
नवाज ने पिछले साल ज्यादातर समय टीम से बाहर रहने के बाद वापसी पर खुशी जताई. उन्होंने कहा, 'भारत के खिलाफ अच्छी पारी के साथ वापसी करना व्यक्तिगत तौर पर मेरे लिए बहुत संतोषजनक था.' नवाज ने कहा कि पाकिस्तानी खिलाड़ी हमेशा भारत के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करते हैं. उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि फाइनल अब खत्म हो चुका है. क्रिकेट और मैच आगे भी चलते रहेंगे. हम गलतियां करते रहेंगे लेकिन मुझे लगता है कि उन्हें हराने के लिए हमें अपनी गलतियों से सीखना होगा और बेहतर बनना होगा.'
ये भी पढ़ें- पहली बार राजगीर के नए स्टेडियम में होगा रणजी मैच, बिहार ने घोषित की टीम, इस दिन यूपी से होगी टक्कर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं