विज्ञापन

Duleep Trophy: फाइनल में पहुंची वैभव सूर्यवंशी की टीम, मोहम्मद शमी, ईशान किशन भी चमके, जानें किसका कैसा रहा प्रदर्शन

Central Zone vs East Zone, Duleep Trophy Semi Final: वैभव सूर्यवंशी की टीम दलीप ट्रॉफी के फाइनल में पहुंच गई है. आखिरी दिन वैभव सूर्यवंशी ने तेजी से रन कूटे, जिससे ईस्ट जोन 4 विकेट से मैच जीतने में सफल हुई.

Duleep Trophy: फाइनल में पहुंची वैभव सूर्यवंशी की टीम, मोहम्मद शमी, ईशान किशन भी चमके, जानें किसका कैसा रहा प्रदर्शन
East Zone beat Central Zone by 4 Wicket in Duleep Trophy Semi Final Vaibhav Sooryavanshi

Central Zone vs East Zone, Duleep Trophy Semi Final: ईस्ट जोन ने दलीप ट्रॉफी 2026 के 'सेमीफाइनल-1' में सेंट्रल जोन के खिलाफ मुकाबले के तीसरे दिन 4 विकेट से जीत दर्ज करते हुए फाइनल में जगह बना ली है. कुल 7 विकेट हासिल करने वाले मुकेश कुमार को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया. अब फाइनल मैच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में 6 सितंबर से शुरू होगा, जिसमें ईस्ट जोन की भिड़ंत सेमीफाइनल-2 (नॉर्थ जोन बनाम साउथ जोन) की विजेता टीम से होगी.

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी सेंट्रल जोन ने पहली पारी में 266 रन बनाए. इस पारी में रिंकू सिंह ने सर्वाधिक 60 रन जड़े, जबकि आर्यन जुयाल ने 46 रन टीम के खाते में जोड़े. इनके अलावा, यश ठाकुर ने नाबाद 30 रन की पारी खेली. विपक्षी खेमे से मुकेश कुमार (56/3) और अभिजीत सरकार ने 3-3 विकेट निकाले, जबकि मोहम्मद शमी और कौनेन कुरैशी ने 2-2 विकेट चटकाए.

इसके जवाब में ईस्ट जोन भी अपनी पहली पारी में 266 रन ही बना सकी. सलामी जोड़ी के रूप में वैभव सूर्यवंशी ने अभिमन्यु ईश्वरन के साथ पहले विकेट के लिए 153 गेंदों में 162 रन की साझेदारी की. वैभव 81 गेंदों में 7 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 92 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अभिमन्यु ने 8 चौकों के साथ 69 रन की पारी खेली. इनके अलावा सुदीप कुमार ने 25 रन टीम के खाते में जोड़े. विपक्षी खेमे से हर्ष दुबे ने 4 विकेट झटके। आर्यन पांडे और यश ठाकुर को 3-3 विकेट हाथ लगे. 

सेंट्रल जोन की दूसरी पारी 158 रन पर सिमट गई. इस टीम ने 97 के स्कोर तक 8 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद अरशद खान ने हर्ष दुबे के साथ 9वें विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी करते हुए टीम को शर्मनाक स्थिति से बाहर निकालने की कोशिश की. हर्ष 3 चौकों के साथ 24 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद अरशद (25) ने यश ठाकुर (नाबाद 4) के साथ 18 रन जोड़े. इस पारी में मुकेश कुमार ने 44 रन देकर 4 विकेट निकाले. इनके अलावा, मोहम्मद शमी ने 3 शिकार किए. अभिजीत सरकार, अनुकूल रॉय और कौनेन कुरैशी ने 1-1 विकेट झटका.

आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी ईस्ट जोन ने 39.3 ओवरों में जीत हासिल की. सूर्यवंशी ने ईश्वरन के साथ पहले विकेट के लिए 85 गेंदों में 61 रन जोड़कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई. वैभव 43 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 40 रन बनाकर आउट हुए. कुछ देर बाद ईश्वरन (24) भी चलते बने. टीम ने 65 रन तक 2 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद कुमार कुशाग्र ने मोर्चा संभाला. उन्होंने विराट सिंह (12) के साथ 28 रन और कप्तान ईशान किशन के साथ 31 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 124 के स्कोर तक पहुंचाया.

32वें ओवर की तीसरी और चौथी गेंद पर क्रमश: कुशाग्र (22) और अनुकूल रॉय (0) के विकेट गिरे. हालांकि, कप्तान ईशान मैदान पर जमे रहे, जिन्होंने 41 गेंदों में 5 बाउंड्री के साथ नाबाद 39 रन की पारी खेलते हुए टीम को जीत दिलाई. हर्ष दुबे ने 53 रन देकर 4 विकेट चटकाए, जबकि सारांश जैन और यश ठाकुर ने 1-1 विकेट हासिल किया.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ishan Pranav Kumar Pandey Kishan, Cricket, Vaibhav Sooryavanshi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com