विज्ञापन
This Article is From Dec 24, 2011

साफ-सुथरे खेल के पक्षधर हैं माइकल क्लार्क

ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम कप्तान माइकल क्लार्क ने भारत के साथ खेले जाने वाली श्रृंखला में अपने साथी खिलाड़ियों से साफ-सुथरी क्रिकेट खेलने को कहा।
मेलबर्न:

ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम के कप्तान माइकल क्लार्क ने भारत के साथ खेली जाने वाली चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला में अपने साथी खिलाड़ियों से साफ-सुथरी क्रिकेट खेलने को कहा है। क्लार्क ने साथी खिलाड़ियों को चेतावनी भी दी है कि यदि किसी की शिकायत आती है तो उसे दण्डित किया जाएगा। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला का पहला टेस्ट मैच सोमवार से मेलबर्न क्रिकेट मैदान पर खेला जाएगा। क्लार्क के मुताबिक वह बिना किसी विवाद के श्रृंखला खेलना चाहते हैं। क्लार्क ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, "दोनों टीमें समझती हैं कि हम कहां पर हैं। ऑस्ट्रेलियाई टीम और भारतीय टीम के बीच सम्बंध मजबूत नहीं हो सकते। हम यह बात अच्छी तरह समझते हैं कि दोनों टीमों के बीच एक सीमा रेखा है जिसे आप लांघ नहीं सकते।" बकौल क्लार्क, "मैं इस बात की गारंटी ले सकता हूं कि आस्ट्रेलियाई टीम इस सीमा रेखा को नहीं लांघेगी। बावजूद इसके यदि वह इसे लांघने की कोशिश करती है तो उसे आईसीसी और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया द्वारा दण्डित किया जाएगा।" क्लार्क ने कहा, "हम बेहतर क्रिकेट खेलने की कोशिश करेंगे और सीमा रेखा लांघने से बचेंगे।" उल्लेखनीय है चार वर्ष पहले ऑस्ट्रेलिया में सिडनी टेस्ट के दौरान "मंकीगेट" विवाद प्रकरण सामने आया था। इसमें भारत के हरभजन सिंह और आस्ट्रेलिया के एंड्रयू सायमंड्स शामिल थे। बकौल क्लार्क, "ऑस्ट्रेलियाई और भारतीय खिलाड़ियों के बीच बहुत अच्छे सम्बंध हैं और हम इसे आगे भी जारी रखने की कोशिश करेंगे।" "दोनों टीमों ने आपस में बहुत क्रिकेट खेली है और मैदान पर प्रतिस्पर्धी रही हैं लेकिन मैदान के बाहर दोनों टीमों के बीच अच्छा सम्बंध रहा है।" सचिन तेंदुलकर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100वें शतक के बारे में क्लार्क ने कहा, "मैं चाहता हूं कि तेंदुलकर का यह शतक ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर पूरा न हो। मैं चाहूंगा कि वह किसी और श्रृंखला में इसे पूरा करें।"

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
खेल, पक्षधर, क्लार्क
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com