भारतीय टीम के पूर्व कप्तान अजय जडेजा ने नवजोत सिंह सिद्धू को लेकर दिलचस्प खुलासा किया है. उन्होंने बताया है कि एक समय पर वह और सिद्धू रूममेट हुआ करते थे. इस दौरान उनके बीच जबरदस्त बॉन्डिंग हुआ करती थी. जडेजा ने कहा, 'सिद्धू साहब का ये पता नहीं चलता था कि वह तारीफ कर रहे हैं या बंदे को फंसवा रहे हैं. उस जमाने में हम पार्टनर्स हुआ करते थे. एक रूम होता था. दो लोग उसे शेयर करते थे. मुझे वह सूट करते थे. जब मैं रात को वापस आ रहा होता था. तब वह उठ रहे होते थे.'
अजय जडेजा ने बताया कि वह हमेशा कहते थे, 'बच्चू फिकर ना करीं. जो रूम की बात है ना, वह रूम से बाहर नहीं जाएगी. हमारा दोनों का मामला बिल्कुल सेट चल रहा था. उसी समय एक टेस्ट मैच खेला जा रहा था. मैं 12th मैन था. किसी के हटने के बाद मैं फील्डिंग करने के लिए गया. वहां कैच पकड़ा और वापिस ड्रेसिंग रूम में आकर बैठ गया.'
जडेजा ने बताया, 'उस दौरान कपिल पाजी (कपिल देव) भी टीम में हुआ करते थे. वह भी वहीं बैठे थे. उन्होंने (नवजोत सिंह सिद्धू) कहा पाजी मैं क्या कह रहा हूं. क्या हीरा ढूंढकर लाए हो. राती चार बजे आया है. फील्डिंग देखो ऐदी. (रात को चार बजे आया है. फील्डिंग देखो इसकी)'. जडेजा की इस बात को सुनते ही वहां उपस्थित हर कोई जोर-जोर से हंसने लगा.
अजय जडेजा का इंटरनेशनल क्रिकेट करियर
अजय जडेजा भारत की तरफ से कुल 15 टेस्ट और 196 वनडे मुकाबले खेलने में कामयाब रहे. जहां उनके बल्ले से टेस्ट की 24 पारियों में 26.18 की औसत से 576 और वनडे की 179 पारियों में 37.47 की औसत से 5359 रन निकले. टेस्ट में वह चार अर्धशतक, जबकि वनडे में छह शतक और 30 अर्धशतक लगाने में कामयाब रहे. वहीं गेंदबाजी के दौरान उन्हें वनडे की 52 पारियों में 54.70 की औसत से 20 सफलता हाथ लगी.
नवजोत सिंह सिद्धू का इंटरनेशनल क्रिकेट करियर
वहीं बात करें नवजोत सिंह सिद्धू के बारे में तो उन्होंने भारत की तरफ से 51 टेस्ट और 136 वनडे मुकाबलों में हिस्सा लिया. यहां वह टेस्ट की 78 पारियों में 42.13 की औसत से 3202 और वनडे की 127 पारियों में 37.08 की औसत से 4413 रन बनाने में कामयाब रहे.
यह भी पढ़ें- 'क्रिकेट के भगवान' के साथ शाही जोड़ी, प्रिंस विलियम-केट ने मुंबई में सचिन संग लगाये चौके-छक्के! VIDEO
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं