विज्ञापन

बिहार की मोनिका श्रीवास्तव ने चुना जीवनसाथी, सगाई की तस्वीरें चर्चा में, UPSC में पाई AIR-16

UPSC 2025 में ऑल इंडिया 16वीं रैंक हासिल करने वाली बिहार की मोनिका श्रीवास्तव ने सोशल मीडिया पर सगाई की तस्वीरें शेयर की हैं. IIT गुवाहाटी की पूर्व छात्रा और IRTS अधिकारी रह चुकीं मोनिका की सफलता के साथ उनकी निजी जिंदगी की यह नई शुरुआत भी चर्चा में है.

बिहार की मोनिका श्रीवास्तव ने चुना  जीवनसाथी, सगाई की तस्वीरें चर्चा में, UPSC में पाई AIR-16
मोनिका श्रीवास्तव ने चुना हमसफर, शेयर की सगाई की तस्वीरें
  • मोनिका श्रीवास्तव ने UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 में ऑल इंडिया 16वीं रैंक हासिल की है
  • वह बिहार के औरंगाबाद जिले की निवासी हैं और जिला परिषद में सहायक अभियंता के पद पर कार्यरत परिवार से हैं
  • मोनिका ने IIT गुवाहाटी से कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त की है

संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में ऑल इंडिया 16वीं रैंक हासिल करने वाली बिहार की मोनिका श्रीवास्तव इन दिनों अपनी सगाई को लेकर चर्चा में हैं. मोनिका ने हाल ही में सोशल मीडिया पर अपने मंगेतर के साथ तस्वीरें शेयर कीं. तस्वीरों के साथ उन्होंने कैप्शन लिखा, My Chosen One, Engaged. पोस्ट सामने आते ही उन्हें बधाई देने वालों का सिलसिला शुरू हो गया. उनके द्वारा शेयर की गई तस्‍वीरों में एक हाथ पर मेहंदी से 'मनीष 23-07-2026 मोन‍िका' और दूसरे हाथ पर 'बात पक्‍की' ल‍िखा है.

मोनिका श्रीवास्तव बिहार के औरंगाबाद जिले के सत्येन्द्र नगर की रहने वाली हैं. वह जिला परिषद में सहायक अभियंता के पद पर कार्यरत बी.के. श्रीवास्तव और भारती श्रीवास्तव की बेटी हैं. एक शिक्षित मध्यमवर्गीय परिवार में पली-बढ़ी मोनिका को बचपन से ही पढ़ाई के लिए सकारात्मक माहौल मिला. परिवार ने हमेशा उनके सपनों को समर्थन दिया, जिसका परिणाम उनकी उपलब्धियों के रूप में सामने आया.
monika srivastava engaged upsc air 16 bihar ias success story

IAS बनने जा रहीं मोनिका श्रीवास्तव ने चुना अपना हमसफर, इंगेजमेंट फोटो पर मिल रहीं बधाइयां. Photo Credit: Monika Srivastava instagram

औरंगाबाद से शुरू हुआ सफर, IIT गुवाहाटी से की इंजीनियरिंग

मोनिका ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा औरंगाबाद के सरस्वती शिशु मंदिर और डीएवी पब्लिक स्कूल से पूरी की. स्कूल के दिनों से ही वह पढ़ाई में अव्वल रहीं. छोटे शहर से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में पहचान बनाना उनकी मेहनत और लगन का प्रमाण है. स्कूल की पढ़ाई के बाद मोनिका ने IIT प्रवेश परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया और IIT गुवाहाटी से कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की. इंजीनियरिंग के बाद उन्होंने कई प्रतिष्ठित कंपनियों में काम भी किया, लेकिन उनका लक्ष्य प्रशासनिक सेवा में जाकर समाज के लिए काम करना था. इसी सोच के साथ उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की. 

monika srivastava engaged upsc air 16 bihar ias success story

'माय चूज़न वन, एन्गेज्ड': मोनिका श्रीवास्तव ने शेयर की सगाई की तस्वीरें Photo Credit: Monika Srivastava instagram

BPSC में भी हासिल की बड़ी सफलता, दो बार पास की UPSC परीक्षा

UPSC की तैयारी के दौरान मोनिका ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की परीक्षा दी और छठी रैंक हासिल की. यह उपलब्धि अपने आप में बड़ी थी, लेकिन उनका लक्ष्य इससे भी आगे था. उन्होंने अपनी तैयारी जारी रखी और संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा पर पूरा फोकस बनाए रखा. मोनिका ने UPSC में अपने पहले प्रयास में ऑल इंडिया रैंक 455 हासिल की थी. इस रैंक के आधार पर उनका चयन भारतीय रेलवे यातायात सेवा (IRTS) में हुआ. हालांकि उनका सपना IAS अधिकारी बनने का था, इसलिए उन्होंने नौकरी और प्रशिक्षण के साथ-साथ अपनी तैयारी जारी रखी. उनकी मेहनत रंग लाई और UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 में उन्होंने 16वीं रैंक हासिल कर देशभर में अपनी अलग पहचान बना ली. इस रैंक के साथ उनका भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयन लगभग तय माना जा रहा है. हालांक‍ि अभी यूपीएससी 2025 बैच के सफल अभ्‍यर्थियों को सर्विस कैडर अलॉट नहीं क‍िया गया है. 

 सोशल मीडिया पोस्ट में छलका संघर्ष का दर्द

UPSC 2025 का परिणाम आने के बाद मोनिका श्रीवास्तव ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर की थी. उन्होंने लिखा कि रिजल्ट आए एक महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन आज भी उन्हें वह पल याद है जब पहली बार चयन सूची के पहले पन्ने पर अपना नाम देखा था. मोनिका के मुताबिक यह सफलता आसान नहीं थी. उन्होंने बताया कि तैयारी के दौरान कई बार उन्हें लगा कि 2025 में दोबारा परीक्षा देना शायद गलत फैसला था. कई रातें ऐसी थीं जब वह रोती रहीं और अपने फैसलों पर सवाल उठाती रहीं. 

monika srivastava engaged upsc air 16 bihar ias success story

मोनिका श्रीवास्तव ने UPSC 2025 में ऑल इंडिया लेवल पर 16वीं रैंक हासिल की.

उन्होंने पोस्ट में यह भी लिखा कि परीक्षा के दौरान लगातार माइग्रेन अटैक का सामना करना पड़ा, जिससे कई बार उनकी शारीरिक क्षमता को लेकर भी संदेह पैदा हुआ. ऐसे मुश्किल समय में भगवान शिव में उनकी आस्था ने उन्हें आगे बढ़ने का हौसला दिया. मोनिका ने लिखा, “शायद यह कभी भी एक परफेक्ट यात्रा नहीं थी. असली बात तब भी डटे रहने की है, जब आपके भीतर की आवाज आपको हार मानने के लिए कह रही हो.” पोस्ट के अंत में उन्होंने अपनी सफलता को संघर्ष, धैर्य और ईश्वर की कृपा का परिणाम बताते हुए लिखा कि अब आखिरकार यह एहसास पूरी तरह मन में उतर चुका है कि उनके नाम के आगे AIR 16 लिखा है. उन्होंने पोस्ट का समापन “हर हर महादेव” के साथ किया.

यह भी पढ़ें | IAS पल्लवी मिश्रा ने बैचमेट IAS आदित्य शर्मा से की शादी, IPS भाई से प्रेरित होकर पास की UPSC 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
IAS, UPSC, Bihar, Success Story
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com