- अनुष्ठा कालिया ने प्रयास में UPSC पास कर 2022 बैच की राजस्थान कैडर की आईपीएस अधिकारी बनीं
- बीकानेर में पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई हथियारों की खेप की जांच कर तस्करी नेटवर्क का सफल भंडाफोड़ किया
- ड्रोन फोरेंसिक तकनीक और मोबाइल लोकेशन डेटा से जांच कर पंजाब के फरीदकोट निवासी आरोपी को गिरफ्तार किया गया है
ips anushtha kalia success story: भारतीय पुलिस सेवा की युवा और काबिल अधिकारियों में शुमार Gen Z IPS अधिकारी अनुष्ठा कालिया एक बार फिर चर्चा में हैं. Blinkit में डेटा साइंटिस्ट की नौकरी छोड़कर यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करने वाली अनुष्ठा ने पहले ही प्रयास में सफलता हासिल की और आईपीएस अधिकारी बनीं. अब राजस्थान में तैनाती के दौरान पाकिस्तान से जुड़े हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ कर उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है. बेहतरीन जांच के लिए उनका चयन केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक के लिए किया गया है.

ड्रोन से भेजी गई हथियारों की खेप ने बढ़ाई चुनौती
अनुष्ठा कालिया ने बताया कि फरवरी 2026 में वह बीकानेर जिले में तैनात थीं. उसी दौरान खाजूवाला क्षेत्र में पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए हथियारों की एक खेप भेजी गई थी. शुरुआती जांच में यह पता नहीं चल पा रहा था कि सीमा पार से हथियार किसने भेजे और पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों की भारत में कौन मदद कर रहा था. मामला उनके पास पहुंचने के बाद उन्होंने आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक जांच पद्धतियों के जरिए इसकी तह तक पहुंचने का फैसला किया.
ड्रोन फोरेंसिक और मोबाइल लोकेशन से खुला पूरा नेटवर्क
अनुष्ठा कालिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और ड्रोन फोरेंसिक तकनीक का इस्तेमाल किया. घटनास्थल के आसपास सक्रिय मोबाइल नंबरों और लोकेशन डेटा का विश्लेषण किया गया. जांच की कड़ियां जोड़ते-जोड़ते पुलिस सीमावर्ती जिले श्रीगंगानगर के रावला स्थित जेल में बंद एक व्यक्ति तक पहुंची.

जांच में सामने आया कि पंजाब के फरीदकोट निवासी यह शख्स जेल में रहते हुए ही भारत-पाकिस्तान सीमा पर हथियार तस्करी का नेटवर्क संचालित कर रहा था. जांच के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि पांचवें आरोपी की तलाश अभी भी जारी है. गिरफ्तार आरोपियों में दो पंजाब और दो राजस्थान के रहने वाले हैं. इस उल्लेखनीय जांच के लिए 31 अक्टूबर 2026 को केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक के लिए चयनित सात पुलिस अधिकारियों में अनुष्ठा कालिया का नाम भी शामिल किया गया. हालांकि पदक वितरण समारोह अभी आयोजित होना बाकी है.
अनुष्ठा कालिया दिल्ली की रहने वाली हैं
18 नवंबर 1997 को दिल्ली के द्वारका में जन्मीं अनुष्ठा कालिया देश की चर्चित Gen Z आईपीएस अधिकारियों में गिनी जाती हैं. उनके पिता पुष्पेंद्र कालिया निजी क्षेत्र की नौकरी से सेवानिवृत्त हो चुके हैं, जबकि माता बेला देवी कानून मंत्रालय में कार्यरत हैं. बीटेक की पढ़ाई पूरी करने के बाद अनुष्ठा ने Blinkit में डेटा साइंटिस्ट के रूप में नौकरी की, लेकिन करीब छह माह बाद ही नौकरी छोड़कर यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी. उन्होंने UPSC CSE 2021 में पहले ही प्रयास में ऑल इंडिया 143वीं रैंक हासिल की और महज 24 वर्ष की उम्र में आईपीएस अधिकारी बन गईं.
शुरुआत में उन्हें AGMUT (अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश) कैडर आवंटित हुआ था. बाद में उन्होंने अपने ही बैच के आईपीएस अधिकारी विशाल जांगिड़ से विवाह किया. जयपुर निवासी विशाल जांगिड़ ने UPSC में 173वीं रैंक हासिल की थी. विवाह के आधार पर अनुष्ठा का कैडर बदलकर राजस्थान कर दिया गया.
यह भी पढ़ें | दर्जी के दो बेटे बने IPS, अमित-पंकज कुमावत का UPSC में अनूठा रिकॉर्ड, अब दो दिन में तबादला
यह भी पढ़ें | IPS अनुष्ठा कालिया ने पाकिस्तान के तस्करों की कमर तोड़ी, बीकानेर के नेता भी क्यों खाते खौफ?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं