भारतीय रेलवे में नौकरी करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के हाथ से एक सुनहरा मौका निकलने वाला है. दरअसल, भारत सरकार के रेल मंत्रालय के तहत रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने देश भर में पूर्णकालिक आधार पर स्टेशन मास्टर के कुल 1,250 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं.
25 नवंबर है लास्ट डेट
आरआरबी की ओर से स्टेशन मास्टर पद के लिए जारी 1,250 रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 27 अक्टूबर से जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 25 नवंबर तक तय की गई है.
ऐसे में जिन पात्र और इच्छुक उम्मीदवारों ने अभी तक इन पदों पर नियुक्ति के लिए एप्लीकेशन फॉर्म नहीं भरा है, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे तुरंत आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय समय सीमा के अंदर अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर लें. जमा किए गए आवेदनों के लिए आवेदन शुल्क के भुगतान की अंतिम तिथि 27 नवंबर है.
वहीं, जिन अभ्यर्थियों से आवेदन पत्र भरते समय कुछ गलती हो जाएगी, उनके लिए फॉर्म की त्रुटियों को सुधारने की विंडो 28 नवंबर से 7 दिसंबर तक सक्रिय रहेगी. हालांकि, इसके लिए आवेदकों को मॉडिफिकेशन शुल्क का भुगतान करना होगा.
यह भी पढ़ें | झारखंड में छात्रों का प्रदर्शन फिर तेज, हजारीबाग में महापंचायत, इन 6 मांगों पर सरकार को दिया अल्टीमेटम
योग्यता क्या है?
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में कम से कम ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए.
आवेदकों की न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 33 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर की जाएगी. वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी.
चयन प्रक्रिया और सैलरी
योग्य अभ्यर्थियों का चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी), कंप्यूटर आधारित योग्यता परीक्षा (सीबीएटी), दस्तावेज सत्यापन, चिकित्सा परीक्षण और अंतिम मेरिट के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 7वें सीपीसी (केंद्रीय वेतन आयोग) के तहत लेवल-6 के मुताबिक 35,400 रुपए प्रति माह होगी.
आवेदन शुल्क कितना है?
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 500 रुपए और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/महिला/ट्रांसजेंडर/पूर्व सैनिक/अल्पसंख्यक/ईबीसी के लिए 250 रुपए तय किया गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं