खास बातें
- मारुति की काम्पैक्ट कार वैगन आर की बिक्री का आंकड़ा 10 लाख इकाई के पार निकल गया है। कंपनी ने 12 साल में यह उपलब्धि हासिल की है।
New Delhi: देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया की काम्पैक्ट कार वैगन आर की बिक्री का आंकड़ा 10 लाख इकाई के पार निकल गया है। कंपनी ने 12 साल में यह उपलब्धि हासिल की है। वैगन आर को 1999 में लॉन्च किया गया था। मारुति के बेड़े से वैगन आर ऐसा चौथा मॉडल है, जिसकी 10 लाख से अधिक इकाइयों की बिक्री हो चुकी है। इससे पहले कंपनी अल्टो, मारुति 800 और ओमनी वैन की 10-10 लाख से अधिक इकाइयां बेच चुकी है। मारुति सुजुकी इंडिया के मुख्य महाप्रबंधक (विपणन) शशांक श्रीवास्तव ने कहा, यह हमारे लिए गौरव का क्षण है। हमें ज्यादा खुशी इस बात के लिए है कि हमने यह उपलब्धि घरेलू बाजार में हासिल की है। उन्होंने कहा कि अल्टो के बाद वैगन आर देश में सबसे ज्यादा बिकने वाली कार है। श्रीवास्तव ने कहा, नई वैगन आर को पेश किए जाने के बाद इस मॉडल की बिक्री और बढ़ी है। फिलहाल हम हर माह वैगन आर की 15,000 इकाइयां बेच रहे हैं। मारुति सुजुकी के पोर्टफोलियो में सबसे ज्यादा बिकने वाला मॉडल अल्टो है। कंपनी हर माह 30,000 अल्टो की बिक्री करती है। कंपनी ने नई वैगन आर को पेश करने से पहले 290 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इन नई वैगन आर का दाम (एक्स शोरूम दिल्ली) 3.36 लाख से 4.24 लाख रुपये के बीच है।