नई दिल्ली: अगर आप नई नौकरी तलाश रहे हैं तो आपको कुछ चीजों का खास ध्यान रखना चाहिए. नौकरी के लिए इंटरव्यू के दौरान नजरें चुराना, बातचीत में अटकना, कुछ ज्यादा ही बोलना या फिर अपनी पिछली कंपनी की बुराई करना आपकी छंटनी का कारण बन सकता है.
नौकरी पोर्टल टाइम्स जॉब के अध्ययन में पाया गया कि नौकरी के लिए इंटरव्यू में आपकी बातों के साथ-साथ हावभाव की वजह से भी आपकी छंटनी हो सकती है. इंटरव्यू पास करने में आपके हावभाव की कहीं ज्यादा भूमिका होती है.
इस अध्ययन में शामिल करीब 60 फीसदी उम्मीदवारों ने कहा कि इंटरव्यू में असफलता की वजहों में गर्मजोशी से हाथ न मिलाना भी अहम कारण हो सकता है. वहीं करीब 40 फीसदी लोगों ने कहा कि नियोक्ता ने उन्हें बताया कि इंटरव्यू के दौरान ऐसा लग रहा था वे रुचि नहीं दिखा रहे थे, जबकि 32 फीसदी का कहना था कि इंटरव्यू के लिए देर से आने की वजह से उनकी छंटनी कर गई. वहीं 30 फीसदी लोगों ने कहा कि इंटरव्यू के दौरान आंख मिला कर जवाब नहीं देने की वजह से भी उन्हें नौकरी नहीं मिल पाई.
इस अध्ययन में शामिल करीब 25 फीसदी उम्मीदवारों का मानना है कि वह इंटरव्यू के वक्त इसलिए सफल नहीं हो पाए, क्योंकि उन्होंने मौके से हिसाब सही कपड़े नहीं पहने थे. करीब 10 फीसदी ने कहा कि गर्मजोशी से हाथ न मिलाने या बैठने के गलत तरीके की वजह से उनका चयन नहीं हो पाया.
वहीं इंटरव्यू के दौरान बातचीत का सवाल है, तो अध्ययन में शामिल करीब 40 फीसदी लोगों का कहना था कि बात करते समय अटकना उनके खारिज होने की वजह रहा. तो वहीं करीब 30 फीसदी लोगों ने कहा कि इंटरव्यू के दौरान वे कुछ ज्यादा ही बात करते रहे, जिसकी वजह से उनका चयन नहीं हो पाया. इसके अलावा कंपनी के बारे में जानकारी की कमी और पिछले नियोक्ता की बुराई करने की वजह से भी उम्मीदवारों को नौकरी नहीं मिल पाती है.
जॉब इंटरव्यू में छंटनी की मुख्य वजहें समझने के लिए किए गए इस अध्ययन में 700 पेशेवरों की राय ली गई. इनमें से आधे से अधिक लोग अपने करियर में कम से कम पांच बार इंटरव्यू में छांटे गए थे.