शेयर बाजार में तेजी का रुख
बैंकिंग, वाहन और वित्तीय शेयरों में लिवाली से सोमवार को शुरुआती कारोबार में बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 360 अंक से अधिक चढ़कर 61,000 अंक के पार निकल गया. वैश्विक बाजारों के मजबूत रुख से भी यहां धारणा को बल मिला. कारोबारियों ने कहा कि रुपये में मजबूती तथा विदेशी कोषों के प्रवाह से भी बाजार की तेजी को बल मिला.
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 362.24 अंक या 0.59 प्रतिशत के लाभ से 61,312.60 अंक पर पहुंच गया. इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी शुरुआती कारोबार में 104.55 अंक के लाभ से 18,221.70 अंक पर कारोबार कर रहा था. भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का शेयर शुरुआती कारोबार में 4.38 प्रतिशत चढ़ गया. नेस्ले इंडिया, एनटीपीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति, एलएंडटी और टेक महिंद्रा के शेयर भी लाभ में थे. एसबीआई का सितंबर तिमाही का मुनाफा सालाना आधार पर 74 प्रतिशत बढ़कर 13,265 करोड़ रुपये रहा है। यह बैंक का अबतक का सबसे ऊंचा तिमाही लाभ है.
ये Video भी देखें : असम में सहकर्मियों से नाराज प्रधानाध्यापक कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा स्कूल
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)