खास बातें
- आईटी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी इन्फोसिस के उम्मीद से कमजोर तिमाही परिणाम और सालाना कमाई के अनुमान कम आंकने से बंबई शेयर बाजार के सेंसेक्स में 257 अंक की जोरदार गिरावट आ गई।
मुंबई: आईटी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी इन्फोसिस के उम्मीद से कमजोर तिमाही परिणाम और सालाना कमाई के अनुमान कम आंकने से बंबई शेयर बाजार के सेंसेक्स में 257 अंक की जोरदार गिरावट आ गई। यह पिछले सात सप्ताह में सेंसेक्स की एक दिन में सबसे बड़ी गिरावट है।
इन्फोसिस ने चालू वित्त वर्ष की अपनी आमदनी के अनुमान में भारी कटौती की है। मई माह में कारखाना उत्पादन के आंकड़ों में सुधार के बावजूद निवेशकों की बिकवाली का जोर रहा।
बंबई शेयर बाजार के सेंसेक्स में बुधवार को 129 अंक की गिरावट आई थी। गुरुवार को यह 256.55 अंक यानी 1.47 प्रतिशत और लुढ़ककर 17,232.55 अंक पर आ गया। एक जून के बाद यह सेंसेक्स की एक दिन में आई सबसे बड़ी गिरावट है।
इसी के अनुरूप नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 71.05 अंक या 1.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ 5,235.25 अंक रह गया।
इन्फोसिस का पहली तिमाही का शुद्ध लाभ घटकर 2,289 करोड़ रुपये रहा है, जो अनुमान से कम है। इससे कंपनी के शेयर में 8 प्रतिशत की गिरावट आई। कंपनी ने चालू वित्त वर्ष के आमदनी के अनुमान को पूर्व के 8 से 10 प्रतिशत से घटाकर 5 फीसद कर दिया है। इसी तरह इन्फोसिस की प्रतिद्वंद्वी टीसीएस के शेयर में 1.80 प्रतिशत और विप्रो में 4 फीसद की गिरावट आई।
बार्कलेज के विश्लेषक भुवनेश सिंह ने कहा, ‘इन्फोसिस के नतीजे हर तरफ से निराशाजनक हैं। महत्वपूर्ण मुद्दा यह है कि अब क्षेत्र में मूल्य युद्ध छिड़ेगा और इससे अन्य कंपनियों पर भी दबाव पड़ना शुरू होगा।’
सेंसेक्स में शामिल 30 में से 21 कंपनी शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। भारती एयरटेल, महिन्द्रा एण्ड महिन्द्रा, टाटा मोटर्स और लार्सन एण्ड टुब्रो के शेयरों में 1.75 से लेकर तीन प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।