यह ख़बर 15 मई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

इस सप्ताह सीमित दायरे में रह सकता है शेयर बाजार

खास बातें

  • मुद्रास्फीति में नरमी और मार्च में औद्योगिक उत्पादन में आए सुधार को लेकर बाजार अभी पूरी तरह से आश्वस्त नहीं हुआ है।
New Delhi:

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार इस सप्ताह शेयर बाजार में सीमित दायरे में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। खाद्य मुद्रास्फीति में नरमी और मार्च में औद्योगिक उत्पादन में आए सुधार को लेकर बाजार अभी पूरी तरह से आश्वस्त नहीं है। विशेषज्ञों के अनुसार अल्पकाल में कुल मिलाकर कारोबारी धारणा नकारात्मक है और बाजार में ऊंची ब्याज दरों को लेकर आशंका बनी हुई है। मैप सिक्युरिटीज के वरिष्ठ अनुसंधान निदेशक किसलय कांत ने कहा, हमें उपभोक्ता वस्तुओं की कीमतों में गिरावट का रुख कायम होने तक प्रतीक्षा करनी होगी। औद्योगिक उत्पादन बढ़ने की रफ्तार भी बरकरार रहनी चाहिए। विश्लेषकों का मानना है कि पेट्रोल की कीमतों में हुई 5 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी से बाजार में सीमित दायरे में गिरावट का रुख रहने की आशंका है। घरेलू आर्थिक संकेतों के सकारात्मक होने के बावजूद बंबई शेयर बाजार के लिए 14 मई को समाप्त सप्ताह नीरस था। बीते सप्ताह में सेंसेक्स 0.06 प्रतिशत की मामूली तेजी के साथ सप्ताहांत में 18,531.28 अंक पर बंद हुआ। विश्लेषकों ने कहा कि चुनावी नतीजे कांग्रेस नीत गठबंधन सरकार को बहुप्रतीक्षित सुधार कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने का राजनीतिक माहौल देगा। खाद्य वस्तुओं की मुद्रास्फीति 30 अप्रैल को समाप्त सप्ताह में घटकर 7.7 प्रतिशत रह गई, जो पिछले 18 महीनों में सबसे कम है। वहीं, अप्रैल में भारत का निर्यात 34.4 प्रतिशत बढ़कर 23.9 अरब डॉलर पर पहुंच गया।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com