शेयर बाजारों में उतार-चढ़ाव के बीच बढ़त के साथ क्लोजिंग.
नई दिल्ली: Stock Market Updates : घरेलू शेयर बाजारों के लिए आज का दिन उतार-चढ़ाव भरा रहा. सुस्त ओपनिंग के बाद दोनों ही बेंचमार्क इंडेक्स में आज क्लोजिंग तक बढ़त दर्ज करने में कामयाब रहे. चार दिनों से क्लोजिंग में लगातार गिरावट के साथ बाजार बंद हो रहे थे. लेकिन आज यह सिलसिला टूट गया. निफ्टी 15,700 के ऊपर बंद हुआ है.
क्लोजिंग में सेंसेक्स में 166.07 अंक यानी 0.32% की तेजी दर्ज हुई और इंडेक्स 52484.67 पर बंद हुआ. वहीं, निफ्टी 42.20 अंक यानी 0.27% चढ़कर 15722.20 पर बंद हुआ. लगभग 1874 शेयर बढ़े हैं, वहीं 1279 शेयरों में गिरावट दर्ज हुई.
आज मेटल और पावर सेक्टरों में 1-1 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई. फार्मा और बैंकिंग शेयरों में बाइंग दिखी है. बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में 1-1 फीसदी की बढ़त आई है.
अगर ओपनिंग को देखें तो मिले-जुले वैश्विक संकेतों के बीच शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजारों में सुस्त ओपनिंग हुई सेंसेक्स में जहां मामूली गिरावट दर्ज की गई, वहीं निफ्टी भी मामूली बढ़त लेकर खुला. सुबह 9.24 पर सेंसेक्स 11 अंक गिरकर 52,508.35 के लेवल पर था. वहीं, इस दौरान निफ्टी 2 अंक चढ़कर 15,683 के लेवल पर दर्ज हुआ था.
सुबह 10 बजे के कारोबार की बात करें तो सेंसेक्स में इस दौरान 49.98 यानी 0.096% की गिरावट आई थी और इंडेक्स 52,268.62 के स्तर पर गिरा था. निफ्टी इस दौरान 8.80 अंकों यानी 0.056% की गिरावट लेकर 15,671.20 पर ट्रेड कर रहा था.
बीएसई पर M&M, ICICI बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज में लगभग एक-एक फीसदी की बढ़त दर्ज हुई है. इसके अलावा, टाइटन, बजाज फिनसर्व और अल्ट्राटेक सीमेंट ने भी तेजी दिखाई. आईटी शेयरों में मुनाफावसूली देखी जा रही है. टीसीएस, इन्फोसिस और एचसीएल जैसे बड़े शेयरों में शुरुआती कारोबार में एक-एक फीसदी का नुकसान दर्ज हुआ.
आज एशियाई बाजारों में मिला-जुला कारोबार दिख रहा था. निक्केई 225 में 0.3 फीसदी की बढ़ोतरी हुई, वहीं टॉपिक्स इंडेक्स 0.81 फीसदी तेज हुआ. कॉस्पी में 0.25 फीसदी की बढ़त दिखी.