यह ख़बर 10 मई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

एसबीआई ने आधार दर बढ़ाई, कर्ज हुआ महंगा

खास बातें

  • हालांकि, जमाकर्ताओं को कुछ राहत देते हुए भारतीय स्टेट बैंक ने अल्पकालिक सावधि जमाओं की ब्याज दरें सवा दो प्रतिशत तक बढ़ा दी हैं।
मुंबई:

देश के सबसे बड़े बैंक एसबीआई ने उधारी दरों में पौना प्रतिशत की बढ़ोतरी करने की घोषणा की जिससे बैंक के नए और मौजूदा ग्राहकों के लिए आवास, वाहन और अन्य ऋण लेना महंगा हो जाएगा। हालांकि, जमाकर्ताओं को कुछ राहत देते हुए भारतीय स्टेट बैंक ने अल्पकालिक सावधि जमाओं की ब्याज दरें सवा दो प्रतिशत तक बढ़ा दी हैं। एसबीआई ने आधार दर पौना प्रतिशत बढ़ाकर 9.25 प्रतिशत कर दी। नई दर 12 मई से प्रभावी होगी। इससे एक सप्ताह पहले, रिजर्व बैंक ने रेपो और रिवर्स रेपो की दरें आधा आधा प्रतिशत बढ़ा दी थी। एसबीआई ने अपनी बेंचमार्क प्रधान उधारी दर (बीपीएलआर) भी पौना प्रतिशत बढ़ा दी है जिससे बैंक के मौजूदा ग्राहकों को भी ऋणों पर अधिक ब्याज देना होगा। इस वृद्धि के साथ बैंक का बीपीएलआर बढ़कर 14 प्रतिशत हो गया। रिजर्व बैंक द्वारा 3 मई को वार्षिक मौद्रिक नीति में रेपो और रिवर्स रेपो बढ़ाए जाने के बाद से ही कई बैंक ब्याज दरें बढ़ाने में लग गए हैं। पिछले एक सप्ताह में पंजाब नेशनल बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, ओरिएंटल बैंक और कारपोरेशन बैंक समेत आधा दर्जन से अधिक बैंकों ने अपनी ब्याज दरें बढ़ाई हैं। ज्यादातर बैंकों ने उधारी दर में आधा प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। हालांकि, एसबीआई ने अधिक आक्रामक रुख अपनाते हुए उधारी दरों में पौना प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की है। रिजर्व बैंक ने मौद्रिक नीति की समीक्षा में बचत खातों पर ब्याज दर 3.5 प्रतिशत से बढ़ाकर 4 प्रतिशत कर दी थी।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com