यह ख़बर 14 अगस्त, 2012 को प्रकाशित हुई थी

रिलायंस पावर को 240 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा

खास बातें

  • रिलायंस पावर को अप्रैल-जून 2012 तिमाही के दौरान 240 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ, जो कि पिछले साल की इसी अवधि के 196 करोड़ रुपये के मुकाबले 22 प्रतिशत अधिक है।
नई दिल्ली:

अनिल धीरूभाई अंबानी समूह की कंपनी रिलायंस पावर को अप्रैल-जून 2012 तिमाही के दौरान 240 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ, जो कि पिछले साल की इसी अवधि के 196 करोड़ रुपये के मुकाबले 22 प्रतिशत अधिक है। राजस्थान में सौर उर्जा और उत्तर प्रदेश में तापीय बिजली कारोबार से कंपनी के मुनाफे में तेजी आई है।

कंपनी ने आज एक बयान में कहा कि हालांकि इस दौरान एकल आधार पर उसका मुनाफा पिछले साल की इसी अवधि के 65 करोड़ रुपये के मुकाबले गिरकर 47 करोड़ रुपये रह गया।

आलोच्य अवधि के दौरान कंपनी की कुल आय पिछले साल की इसी अवधि के 689 करोड़ रुपये के मुकाबले 82 प्रतिशत बढ़कर 1,252 करोड़ रुपये हो गई।

हालांकि, एकल आधार पर आय 119.5 करोड़ रुपये से घटकर 73 करोड़ रुपये रह गई। इस दौरान कंपनी की संचालन आय 542 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,136 करोड़ रुपये हो गई।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेपी चालसानी ने बयान में कहा, इस तिमाही में हमारा प्रदर्शन मुनाफे और आमदनी बढ़ोतरी दोनों के लिहाज से संतुष्ट करने वाला है। उन्होंने कहा, उत्तर प्रदेश का रोजा बिजली संयंत्र उच्च संचालन क्षमता पर काम कर रहा है। इस दौरान वहां दो अरब यूनिट बिजली का उत्पादन किया गया।